IND vs NZ: शुभमन गिल के दोहरे शतक के बाद रोहित शर्मा का पुराना ट्वीट जमकर हुआ वायरल, युवा बल्लेबाज को लेकर बहुत पहले ही कर दी थी बड़ी भविष्यवाणी
शुभमन गिल ने अभी तक भारत के लिए 19 वनडे मुकाबलों में 68.88 के औसत और 109 के स्ट्राइक रेट से 1102 रन बनाए हैं।
अद्यतन - Jan 19, 2023 7:42 pm

18 जनवरी को हैदराबाद में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 149 गेंदों में 19 चौके और 9 छक्कों की मदद से 208 रन की शानदार पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बता दें, गिल की इस पारी के बदौलत भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 49.2 ओवर में 337 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले के बाद रोहित शर्मा का एक पुराना ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट का ‘भविष्य’ कहा था।
बता दें, शुभमन गिल ने अभी तक भारत के लिए 19 वनडे मुकाबलों में 68.88 के औसत और 109 के स्ट्राइक रेट से 1102 रन बनाए हैं। इसमें 5 अर्धशतक, तीन शतक और एक दोहरा शतक मौजूद है। गिल ने 3 टी-20 मैचों में 19.33 के औसत और 131.82 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए हैं। 13 टेस्ट में उन्होंने 32 के औसत और 57.68 के स्ट्राइक रेट से 736 रन जड़े हैं। इसमें चार अर्धशतक और एक शतक भी मौजूद है।
गिल ने जबसे अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया है उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता हुआ दिखा है। खुद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी इस युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की है।
मुकाबला खत्म होने के बाद रोहित शर्मा का यह पुराना ट्वीट एक बार फिर से जमकर हुआ वायरल
Thanks future 😉 https://t.co/2tTUkuDr50
— Rohit Sharma (@ImRo45) May 1, 2020
मुकाबले के बाद रोहित शर्मा का एक पुराना ट्वीट ट्विटर में जमकर वायरल होने लगा जिसमें उन्होंने शुभमन गिल को ‘भविष्य’ कहा था। यह सब शुरू हुआ जब गिल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से रोहित शर्मा को उनके जन्मदिन पर 2020 में शुभकामनाएं दी। गिल ने उस समय लिखा था कि, ‘#Hitman से बेहतर पुल शॉट और कोई नहीं खेल सकता । Happy Birthday @ImRo45।’
इस पर रोहित शर्मा ने जवाब देते हुए कहा था, ‘शुक्रिया भविष्य।’
इसके अलावा रोहित शर्मा ने एक बार 2011 में सूर्यकुमार यादव को लेकर भी ट्वीट किया था। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सूर्यकुमार यादव की 2011 में जमकर तारीफ की थी।
यादव ने ट्वीट कर लिखा था कि, ‘बस अभी चेन्नई में BCCI अवार्ड्स संपन्न हुआ। कई शानदार खिलाड़ी बहुत जल्द देखने को मिलेंगे। भविष्य में सूर्यकुमार यादव जो मुंबई से हैं उनको देखना काफी शानदार होगा।’
Just got done with BCCI awards here in chennai..some exciting cricketers coming up..Suryakumar yadav from Mumbai to watch out for in future!
— Rohit Sharma (@ImRo45) December 10, 2011
रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव का समर्थन तब किया था जब उन्होंने भारतीय टीम के लिए डेब्यू भी नहीं किया था और आज सभी लोग इस शानदार बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।