भारतीय टीम में शिखर धवन की जगह को भरना किसी भी बल्लेबाज के लिए इतना आसान नहीं होगा: रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि, 'क्या हमें धवन के पास वापस जाना चाहिए या इशान किशन जिन्होंने हाल ही में दोहरा शतक जड़ा था उन्हें और अच्छी तरह से तैयार करना चाहिए?'
अद्यतन - Jan 30, 2023 5:52 pm

टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल और इशान किशन का प्रदर्शन लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में काफी शानदार रहा है। इन दोनों ही युवा खिलाड़ियों ने काफी शानदार बल्लेबाजी करते हुए तमाम लोगों का दिल जीत लिया है। हालांकि इन दोनों ही खिलाड़ियों की वजह से अब शिखर धवन का भारतीय लिमिटेड ओवर्स टीम में वापसी करना काफी मुश्किल लग रहा है।
बता दें, गिल और किशन दोनों ने ही बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा चुकी वनडे सीरीज में कमाल की बल्लेबाजी की थी। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने वनडे प्रारूप में दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया है। हालांकि रविचंद्रन अश्विन ने शिखर धवन की जमकर तारीफ की है और कहा है कि भारतीय टीम के लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में अच्छे प्रदर्शन के पीछे अनुभवी भारतीय बल्लेबाज का काफी बड़ा हाथ रहा है।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘पहले जब टॉप 3 खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहते थे तब हमें काफी परेशानी होती थी। शिखर धवन, रोहित शर्मा और विराट कोहली। हम लोग रोहित और विराट की बात करते हैं लेकिन धवन एक बेहतरीन दिग्गज खिलाड़ी हैं। वो चुपचाप अपना काम कर रहे थे। क्या उनकी जगह भारतीय टीम में कोई भर सकता है?’
अनुभवी स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘क्या हमें धवन के पास वापस जाना चाहिए या इशान किशन जिन्होंने हाल ही में दोहरा शतक जड़ा था उन्हें और अच्छी तरह से तैयार करना चाहिए? हमें ये नहीं देखना चाहिए कि यह खिलाड़ी ने बड़ा स्कोर बनाया है, बल्कि टीम को क्या जरूरत है यह समझना चाहिए। ऐसा कौन खिलाड़ी है जो दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है? कौन है जो लंबे समय तक टीम का साथ दे सकता है।’
न्यूजीलैंड के खिलाफ गिल के दोहरे शतक की अश्विन ने की जमकर प्रशंसा
बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा चुके पहले वनडे मुकाबले में युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ा था। अश्विन को उनकी यह पारी काफी अच्छी लगी।
बेहतरीन स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘भारतीय टीम ने पहले भी शुभमन गिल को रन बनाते हुए देखा है। उन्होंने काफी रन बनाए हैं और वो भी लगातार अंतराल में। वो हर तरह से शॉट्स खेल सकते हैं। उनकी बल्लेबाजी काफी शानदार है और अगर उनका दिन है तो वो किसी गेंदबाज को भी नहीं छोड़ते हैं। हैदराबाद में खेले गए वनडे मुकाबले में उन्होंने आखिरी 4 ओवर में जबरदस्त बल्लेबाजी की और दोहरा शतक जड़ा।’