2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की पारी को लेकर फैन ने किया दिनेश कार्तिक को ट्रोल, अनुभवी क्रिकेटर ने कहा 'तुरंत डिलीट करें पोस्ट' - क्रिकट्रैकर हिंदी

2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की पारी को लेकर फैन ने किया दिनेश कार्तिक को ट्रोल, अनुभवी क्रिकेटर ने कहा ‘तुरंत डिलीट करें पोस्ट’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने से पहले कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री भी की।

Dinesh Karthik. (Photo by Visionhaus/Getty Images)
Dinesh Karthik. (Photo by Visionhaus/Getty Images)

भारतीय क्रिकेट में दिनेश कार्तिक बहुत ही जाना-माना नाम है। जब से कार्तिक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है तब से तमाम लोग उनकी जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। IPL 2022 में दिनेश कार्तिक को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए कुछ मुकाबलों में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए मैच जिताऊ पारी खेली।

उन्होंने बैंगलोर के लिए फिनिशर की भूमिका बहुत अच्छी तरह से निभाई और इसी वजह से कार्तिक की भारतीय टीम में वापसी हुई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने से पहले कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री भी की।

बता दें, दिनेश कार्तिक ने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। हालांकि इससे पहले उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। यह मैच तमाम भारतीय फैंस को हमेशा याद रहेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत को इस मुकाबले में हार मिली थी और साथ ही यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी था जिसमें वो रनआउट हो गए थे।

‘इसे तुरंत डिलीट कीजिए’: दिनेश कार्तिक ने फैन से की अपील

‘#AskDK’ में एक फैन ने 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले का भारत का स्कोरकार्ड साझा किया जिसमें कार्तिक का स्कोर दिख रहा था, जो उन्होंने इस मैच में बनाया था। इसपर फैंन ने सवाल पूछा कि, ‘सेमीफाइनल की इस पारी के लिए एक शब्द।’

अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ने इसका जवाब देते हुए ट्वीट किया कि, ‘इसे तुरंत डिलीट किया जाए।’

बता दें, इस मुकाबले में भारत को जीत के लिए 240 रन की दरकार थी। दिनेश कार्तिक क्रीज पर तब उतरे जब भारत ने 3.1 ओवर में 5 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। दिनेश कार्तिक सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 25 गेंदों में एक चौके की मदद से मात्र 6 रन ही बना पाए। उनका विकेट तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने लिया। भारत इस मुकाबले में 221 रन ही बना पाया।

close whatsapp