जैसे ही अपने आइडल रवि अश्विन को देखा तो सीधे पैरों में गिर गए महेश पिथिया
मंगलवार, 7 फरवरी को रवि अश्विन से मिले महेश पिथिया।
अद्यतन - Feb 8, 2023 5:54 pm

बड़ौदा के स्पिनर महेश पिथिया उस समय चर्चा में आ गए थे, जब वह भारत के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को प्रैक्टिस कराते हुए नजर आए थे। बता दें कि महेश का गेंदबाजी एक्शन एक दम रवि अश्विन की तरह है, जो इस सीरीज के दौरान कंगारू टीम के लिए सिरदर्द बन सकते हैं।
साथ ही बता दें कि महेश अपना आइडल रवि अश्विन को ही मानते हैं। तो वहीं जब वे अपने आइडल से पहली बार मिले तो खुद को रोक नहीं पाए और सीधे रवि अश्विन के पैरों में गिर गए। बता दें कि बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम नागपुर पहुंच चुकी है। दोनों टीम के बीच पहला मैच कल 9 जनवरी से नागुपर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेला जाएगा।
अश्विन से मिलते ही भावुक हुए महेश पिथिया
बता दें कि महेश को अपने आइडल से मिलने का मौका मंगलवार को ग्राउंड पर हुए एक प्रैक्टिस सेशन के दौरान मिला। जहां अश्विन से मिलते ही महेश ने उनके पैर छुए तो उसके बाद विराट कोहली ने भी महेश की हौसला अफजाई की।
न्यू इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू के अनुसार महेश ने कहा, मैंने पहले दिन नेट्स में कम से कम छह बार स्मिथ को आउट किया था और आज मुझे अपने आइडल रवि अश्विन का आशीर्वाद मिला। मैं हमेशा उनकी तरह गेंदबाजी करना चाहता था।
अपने इस इंटरव्यू में महेश ने आगे कहा, जब मैं उनसे मिला तो वे प्रैक्टिस के लिए नेट्स में जा रहे थे। मैंने उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया। उन्होंने मुझे गले लगाया और फिर पूछा कि मैं आस्ट्रेलियाई टीम को क्या वास्तव में गेंदबाजी कर रहा हूं। विराट कोहली भी मुझे देखकर मुस्कुराए और थम्स अप का इशारा करते हुए मुझे शुभकामनाएं भी दी।