अगर दिल्ली पिच में गेंदबाजों को टर्न मिली तो विराट कोहली का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहेगा: सबा करीम
सबा करीम के मुताबिक टर्निंग पिच में बल्लेबाजों का रन बनाना इतना आसान नहीं होगा।
अद्यतन - Feb 16, 2023 4:57 pm

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मुकाबले में अगर स्पिनर्स को अच्छी टर्न मिलती है तो विराट कोहली को बल्लेबाजी करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
करीम के मुताबिक टर्निंग पिच में बल्लेबाजों का रन बनाना इतना आसान नहीं होगा। उनके मुताबिक कोहली को दिल्ली में बड़ी पारी खेलना बेहद जरूरी है।
सबा करीम ने इंडिया टीवी न्यूज़ को बताया कि, ‘अगर टर्निंग पिच रहती है तो विराट कोहली के लिए काफी बड़ी चुनौती होगी। और भी बल्लेबाजों के लिए खेलना काफी मुश्किल हो जाएगा क्योंकि ऐसे विकेट में रन बनाना इतना आसान नहीं है। आपको काफी धैर्य के साथ खेलना होगा। रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने पहले टेस्ट में वैसा ही खेला था।
कोहली के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने दिल्ली में काफी क्रिकेट खेला है और उन्हें यहां की पिच के बारे में काफी अच्छी तरह से पता है।’
विराट कोहली के लिए यह काफी सम्मान की बात है कि वो अपने नाम के स्टैंड के सामने खेलेंगे: सबा करीम
सबा करीम ने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली ने अपना आखिरी टेस्ट शतक कोलकाता में जड़ा था। काफी समय से उन्होंने इस प्रारूप में शतक नहीं लगाया है और ऐसे खिलाड़ी के लिए अब शतक जड़ना काफी जरूरी हो गया है। यह उनका पसंदीदा वेन्यू है और होम ग्राउंड भी।’
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘यह विराट कोहली के लिए काफी शानदार टेस्ट मुकाबला भी होने वाला है क्योंकि वो अपने नाम के स्टैंड्स के सामने खेलेंगे। मुझे यकीन है कि कोहली इस सम्मान से काफी खुश होंगे। इससे यह पता चलता है कि उन्होंने कितना कुछ हासिल किया है। उन्हें बहुत लोग प्यार करते हैं और यह बात सच में कमाल की है।’