नहीं रहे भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज उमेश यादव के पिता तिलक यादव, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज उमेश यादव के पिता तिलक यादव का 74 साल की उम्र में निधन हो गया।
अद्यतन - Feb 23, 2023 5:15 pm

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज उमेश यादव के पिता तिलक यादव का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। पिछले काफी समय से उमेश के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी और वो नागपुर में ही अपना इलाज करवा रहे थे। हालांकि आज 23 फरवरी को तिलक यादव का निधन हो गया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला जल्द खत्म होने की वजह से सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर वापस आ गए थे। स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक तिलक एक शानदार रेसलर भी थे और उन्होंने वेस्टर्न कोलफील्ड में भी काम किया है।
उमेश यादव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनाने में तिलक की बड़ी भूमिका रही। छोटी नौकरी होने के बावजूद बेटे के सपने को पूरा करने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। यूपी के देवरिया से नौकरी की वजह से वह नागपुर आए थे। उनकी चाहत थी कि बेटा भी उनकी तरह सरकारी नौकरी करे, लेकिन तकदीर को कुछ और ही मंजूर था।
उमेश यादव ने पिता के सपने को पूरा करने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। बेटे को तो क्रिकेटर बनना था। उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और विदर्भ क्रिकेट टीम में घरेलू टूर्नामेंट के लिए शामिल किए गए। और इसके बाद उमेश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
उमेश और उनके भाइयों ने अपने पिता का किया अंतिम संस्कार
तिलक के निधन से उनके तीनों बेटे और बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उमेश के भाई का नाम कमलेश और रमेश है। इन तीनों ने नागपुर की कोलार नदी के घाट पर अपने पिता का अंतिम संस्कार किया। बता दें, उमेश यादव ने भारत के लिए 2011 में डेब्यू किया और अभी तक कुल 54 मुकाबले खेले हैं।
उमेश यादव की गेंदबाजी के काफी फैंस हैं। पहले दो टेस्ट मुकाबलों में उमेश यादव को भारतीय प्लेइंग XI में जगह नहीं मिली। उनकी जगह मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को टीम में चुना गया। अब इन दोनों को टीमों को बीच तीसरा टेस्ट 1 मार्च से खेला जाएगा। आशंका लगाई जा सकती है कि अगर उमेश तीसरे टेस्ट से पहले टीम में वापसी कर लेते हैं तो उन्हें इस मैच में मौका मिल सकता है।