मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा है कि वानखेड़े स्टेडियम के बाहर मेरी प्रतिमा लगाई जा रही है: सचिन तेंदुलकर - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा है कि वानखेड़े स्टेडियम के बाहर मेरी प्रतिमा लगाई जा रही है: सचिन तेंदुलकर

यह प्रतिमा सचिन तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन पर यानी 24 अप्रैल, 2023 को लगेगी।

Sachin Tendulkar
Sachin Tendulkar. (Photo by TOBIAS SCHWARZ/AFP via Getty Images)

हाल ही में यह खबर सामने आई थी कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन वानखेड़े स्टेडियम के बाहर भारत के पूर्व बल्लेबाज और क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की लाइफ साइज प्रतिमा को लगाएगी। यह प्रतिमा सचिन तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन पर यानी 24 अप्रैल, 2023 को लगेगी।

बता दें, सचिन तेंदुलकर ने ना ही सिर्फ मुंबई क्रिकेट को एक नई पहचान दी बल्कि भारतीय क्रिकेट को भी उच्च स्तर तक पहुंचाया है। खुद तेंदुलकर ने वानखेड़े में बिताए हुए अपने सुनहरे दिनों को याद किया। उन्होंने इस बात का खुलासा किया कि उनके बचपन का यही सपना था कि वो एक बार वर्ल्ड कप को अपने नाम करें और उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट भी इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

द प्रिंट के मुताबिक सचिन तेंदुलकर ने कहा कि, ‘यह फैसला खुद मेरे लिए काफी हैरान कर देने वाला था। 1998 में यह सब वानखेड़े से ही शुरू हुआ। मैंने काफी पहले अपना पहला रणजी मैच यही खेला। रमाकांत आचरेकर सर ने मुझे क्रिकेट के बारे में काफी चीजें बताई और उसके बाद मैं काफी गंभीर क्रिकेटर बन गया। मैंने अपना आखिरी मैच भी इसी वेन्यू में खेला था। यहां मेरी काफी यादें हैं कुछ अच्छी हैं और कुछ बुरी लेकिन यह मेरे लिए बहुत ही सम्मानजनक पल है।’

वानखेड़े स्टेडियम हमेशा मेरे दिल के काफी पास रहेगा: सचिन तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर ने आगे कहा कि, ‘मैं यही कहना चाहूंगा की मैं अभी भी 25 साल का हूं जिसके पास 25 साल का अनुभव है। यह काफी अच्छी बात है और मैं महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का धन्यवाद कहना चाहूंगा जिन्होंने मुझे इतना बड़ा सम्मान दिया। जितना समय मैंने यहां बिताया है उसके बारे में मैं आपको बता भी नहीं सकता। मुझे यहां खेलना बहुत पसंद है और यह जगह मेरे दिल के बहुत ही करीब है।

मुझे MCA से यह संदेश मिला कि मेरी प्रतिमा वानखेड़े स्टेडियम के बाहर लगाई जाएगी जिसको सुनकर मैं काफी खुश हुआ। यह मेरे लिए काफी आश्चर्यजनक बात है।’

बता दें, सचिन ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 1989 में किया था और भारत के लिए उन्होंने 200 टेस्ट, 463 वनडे और 1 टी-20 मुकाबला खेला है। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन है। सचिन तेंदुलकर ने 34,000 से भी ज्यादा रन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए हैं।

close whatsapp