IND vs AUS: ‘शतरंज’ के खेल की वजह से कंगारू टीम ने तीसरे टेस्ट में जीत दर्ज की
तीसरे टेस्ट मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टीव स्मिथ ने कहा कि, 'यह बिल्कुल शतरंज के खेल के जैसा है। हर गेंद का कोई ना कोई मतलब जरूर होता है।'
अद्यतन - मार्च 4, 2023 3:19 अपराह्न

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने तीसरे टेस्ट मैच को लेकर बहुत ही बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि इस समय खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मुकाबले से पहले उन्होंने बहुत ही शानदार एक्सरसाइज की थी जिसकी वजह से वो इस मैच को अपने नाम कर पाए।
बता दें, पैट कमिंस की मां की तबीयत ठीक नहीं है और इसी वजह से उन्हें तीसरे टेस्ट मुकाबले से पहले अपने घर वापस जाना पड़ा। उनकी जगह टीम मैनेजमेंट ने स्टीव स्मिथ को कप्तान नियुक्त किया। स्मिथ ने भी मैनेजमेंट का भरोसा नहीं तोड़ा और उनकी उम्मीदों पर खरे उतरे। स्मिथ ने तीसरे टेस्ट मैच में शानदार कप्तानी करते हुए भारत को 9 विकेट से मात दी।
नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को भारत ने यह पारी और 132 रन से अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दी थी।
स्टीव स्मिथ ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्या है उनकी कप्तानी के पीछे का सफल राज
तीसरे टेस्ट मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टीव स्मिथ ने कहा कि, ‘यह बिल्कुल शतरंज के खेल के जैसा है। हर गेंद का कोई ना कोई मतलब जरूर होता है। काफी अच्छा लगता है जब बाकी खिलाड़ी भी आपके साथ इस खेल में भाग ले और बल्लेबाजों को सोचने पर मजबूर कर दिया जाए। यह पूरा एक शतरंज के खेल के जैसा है।’
स्टीव स्मिथ की मानें तो वो कप्तानी शतरंज के खेल की तरह करते हैं। वो सभी खिलाड़ियों की रणनीति को अच्छी तरह से समझते हैं और उसके बाद अपनी फील्डिंग और गेंदबाजी में बदलाव करते हैं। अपने विरोधी टीम के साथ दिमाग के खेल को खेलने में उन्हें काफी अच्छा लगता है और इससे टीम भी अच्छा प्रदर्शन करती है।
स्मिथ ने आगे कहा कि, ‘मुझे टीम की कप्तानी करना बहुत पसंद है। अपने घर में आप या तो तीसरे स्लिप या फिर स्क्वायर लेग को रखते हैं लेकिन सभी खिलाड़ियों को परिस्थितियों के हिसाब से ही फील्डिंग करनी चाहिए। दुनिया के इस भाग में आपको काफी चतुर होना चाहिए। हर गेंद आपके लिए काफी महत्वपूर्ण होती है और इसी वजह से मुझे इस खेल से काफी प्यार है।’