NZ vs SL: मैट हेनरी ने कासुन रजिथा के खिलाफ एक ही ओवर में जड़े 24 रन, आप भी देखें वीडियो
मैट हेनरी की इस विस्फोटक बल्लेबाजी की वजह से न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 373 रन बनाए और श्रीलंका के ऊपर 18 रन की बढ़त बनाई।
अद्यतन - Mar 11, 2023 6:12 pm

इस समय न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। पहले टेस्ट के तीसरे दिन न्यूजीलैंड टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के तेज गेंदबाज कासुन रजिथा के एक ही ओवर में 24 रन जड़ दिए।
बता दें, इस पहले टेस्ट में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 355 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड एक समय अपने 6 विकेट 188 रन पर गंवा चुकी थी। इसके बाद टिम साउदी और डैरिल मिचेल ने सातवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की और न्यूजीलैंड को अच्छी स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया।
इस मैच में डैरिल मिचेल ने 193 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। टिम साउदी का विकेट गिरने के बाद मैट हेनरी क्रीज पर उतरे और पहली गेंद से ही विस्फोटक बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया। उन्होंने इस मैच में 75 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 72 रन की पारी खेली। इसी बीच उन्होंने कासुन रजिथा को एक ही ओवर में 24 रन जड़ दिए।
ये रही वीडियो:
4th Test fifty for Matt Henry. Crucial runs at his home ground 🏏 #NZvSL pic.twitter.com/Tss4PhWF0X
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) March 11, 2023
बता दें, मैट हेनरी की इस विस्फोटक बल्लेबाजी की वजह से न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 373 रन बनाए और श्रीलंका के ऊपर 18 रन की बढ़त बनाई। श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। एंजेलो मैथ्यूज 20* रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं, उनका साथ दे रहे हैं प्रभात जयसूर्या जिन्होंने अभी तक 2* रन बना लिए हैं।
बता दें, अगर श्रीलंका को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। सिर्फ यह मैच ही नहीं बल्कि इस सीरीज को भी जीतना उनके लिए बेहद जरूरी है। साथ ही वो यह दुआ कर रहे होंगे कि इस समय खेले जा रहे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया भारत को मात दे दे।