BCCI सिर्फ बहाने बना रही है सच तो ये है कि भारत को पाकिस्तान में हारने का डर है- इमरान नजीर
इमरान नजीर ने कहा कि, भारत पाकिस्तान ना आने के लिए सिर्फ बहाने बना रहा है।
अद्यतन - मार्च 24, 2023 12:29 अपराह्न

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर दोनों देशों के फैंस काफी उत्साहित रहते हैं। लेकिन वहीं दोनों देशों के बीच राजनीतिक मतभेद के कारण ये दोनों टीमें बस आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में आमने-सामने होती हैं। वहीं एशिया कप को लेकर भी पिछले कुछ समय से चर्चाएं काफी तेज हैं। दोनों देश के प्लेयर्स कई बार इसको लेकर अपनी राय रख चुके हैं।
बता दें इस साल एशिया कप पाकिस्तान में खेला जाएगा, लेकिन BCCI ने यह साफ कर दिया है कि वो टीम इंडिया को एशिया कप 2023 में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान नहीं भेजेगी। हालांकि इसके लिए वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रही है।
भारत को पाकिस्तान से हारने का डर सता रहा है- इमरान नजीर
अब वहीं इसको लेकर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी इमरान नजीर ने भी हाल ही में एक शो में बड़ा बयान दिया है। दरअसल उनका मानना है कि भारत पाकिस्तान आने से इसलिए मना कर रहा है क्योंकि उन्हें पाकिस्तान में हारने का डर है। बता दें नादिर अली के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान इमरान नजीर ने कहा कि, भारत पाकिस्तान ना आने के लिए सिर्फ बहाने बना रहा है।
सुरक्षा कोई कारण नहीं है। आप देखें कि कितनी टीमें पाकिस्तान आ चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम भी पाकिस्तान आ चुकी है। ये सब सिर्फ बहाने हैं। सच तो ये है कि वो पाकिस्तान इसलिए नहीं आना चाहते क्योंकि उन्हें यहां हारने का डर सता रहा है। उन्हें बहाने छोड़कर यहां आकर खेलना चाहिए। लेकिन जब आप राजनीति करना शुरू करते हैं तो फिर उसका कोई हल ही नहीं होता।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, फैंस भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखना चाहते हैं क्योंकि इसमें एक अलग ही तरह का उत्साह होता है और इस बात को पूरी दुनिया जानती है। यहां तक कि एक खिलाड़ी के तौर पर हमें भी लगता है कि क्रिकेट को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने के लिए भारत-पाकिस्तान मैच होना बेहद जरूरी है।