IPL 2023 से पहले विराट कोहली ने अपने लेटेस्ट टैटू को लेकर किया बड़ा खुलासा
RCB को IPL 2023 का अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 अप्रैल को बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलना है।
अद्यतन - मार्च 29, 2023 1:39 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है। तमाम फैंस इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। सभी लोग अपनी-अपनी पसंदीदा टीम को इस टूर्नामेंट में चीयर करते हुए नजर आएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर फ्रेंचाइजी की बात की जाए तो वो भी आगामी संस्करण के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भले ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अभी तक एक बार भी इस ट्रॉफी को अपने नाम ना किया हो लेकिन उसके बावजूद वो सबसे पॉपुलर टीमों में से एक है।
हाल ही में भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 से पहले बैंगलोर में देखा गया। उनके हाथ में एक नया टैटू बना हुआ था जिसको देख तमाम लोग हैरान रह गए। बता दें, विराट कोहली के पूरे शरीर में कुल 11 टैटू हैं और सभी का अलग-अलग मतलब है। जब विराट कोहली से उनके सबसे नए टैटू के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि काम अभी भी चल रहा है।
यह टैटू अभी सिर्फ आधा ही बना है: विराट कोहली
विराट कोहली ने RCB बोल्ड डायरी में कहा कि, ‘हां, यह अभी भी पूरा नहीं हुआ है। काम अभी भी चल रहा है। इस समय भी आपको इसका पूरा मतलब नहीं समझा सकता।’ विराट कोहली के पूरे शरीर में कई टैटू हैं जिनमें से एक भगवान शिव का भी है।
जब कोहली से यह पूछा गया कि उन्हें इस समय किस तरीके के गानें पसंद हैं तो उन्होंने इसका जवाब दिया कि, ‘इस समय में पुराने समय में जा चुका हूं और अरिजीत सिंह के MTV Unplugged गाने डाउनलोड कर चुका हूं। मुझे वो गाने सुनने काफी अच्छे लगते हैं।’
RCB को IPL 2023 का अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 अप्रैल को बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलना है। टीम आगामी सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी।