LSG के खिलाफ मिली हार पर DC के कोच रिकी पोंटिंग ने जताई नाराजगी, गिनाए हार के कारण - क्रिकट्रैकर हिंदी

LSG के खिलाफ मिली हार पर DC के कोच रिकी पोंटिंग ने जताई नाराजगी, गिनाए हार के कारण

हमारी टीम ने बिल्कुल भी अच्छी फील्डिंग नहीं की और कई सारे मिसफील्ड हुए, साथ ही कैच भी छूटे- रिकी पोंटिंग

Ricky Ponting, head coach DC, IPL. (Photo Source: Getty Images)
Ricky Ponting, head coach DC, IPL. (Photo Source: Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के दूसरे दिन लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली की टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। बता दें टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ के बल्लेबाजों के आगे परेशान नजर आई।

दरअसल पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम 193 रन बनाने में कामयाब रही। वहीं जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 143 रन ही बना सकी। वहीं दिल्ली को मिली इस हार पर इस टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग काफी नाराज नजर आए और खिलाड़ियों की जमकर क्लास भी लगाई।

पहले ओवर के बाद हमने बिल्कुल भी अच्छी फील्डिंग नहीं की- रिकी पोंटिंग 

मैच खत्म होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए रिकी पोंटिंग ने कहा कि, मेरे हिसाब से लखनऊ ने बहुत ज्यादा रन बना दिए थे और हमारी फील्डिंग बहुत ही खराब रही। पहले ओवर के बाद हमने बिल्कुल भी अच्छी फील्डिंग नहीं की। कई सारे मिसफील्ड हुए और कैच भी छूटे। काइल मेयर्स का कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा क्योंकि उनकी पारी के कारण हम खेल में काफी पीछे रह गए। मैच में अच्छे खिलाड़ियों को मौका देना खतरनाक होता है। मेयर्स ने इसका पूरा फायदा उठाया।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, हमने 16 छक्के गेंदबाजी के समय खाए। जिससे पता चलता है कि हमने गेंदबाजी अच्छी नहीं की। इस पिच पर 190 रन नहीं बनने चाहिए थे। हमने इससे सबक ले लिया है। बाकि के बचे हुए मैचों में काफी अच्छी फील्डिंग करनी होगी। गेंदबाजी में भी काफी सुधार करना होगा।

दरअसल लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस मैच में 16 छक्के लगाएं और वहीं इस टीम के सलामी बल्लेबाज काइल मेयर्स का कैच भी दिल्ली ने छोड़ दिया था। बता दें इस मैच में उन्होंने 38 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत ही लखनऊ की टीम 193 रनों का स्कोर खड़ा कर पाई।

close whatsapp