काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन दो: मार्कस हैरिस के बेहतरीन शतक की बदौलत ग्लूस्टरशायर ग्लेमोर्गन के खिलाफ अच्छी स्थिति में - क्रिकट्रैकर हिंदी

काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन दो: मार्कस हैरिस के बेहतरीन शतक की बदौलत ग्लूस्टरशायर ग्लेमोर्गन के खिलाफ अच्छी स्थिति में

मार्कस हैरिस ने अभी तक अपने फर्स्ट क्लास कैरियर में 143 मुकाबलों में 39.32 के औसत से 9555 रन बनाए हैं जिसमें 24 शतक और 40 अर्धशतक मौजूद है।

Marcus Harris (Pic Source-Twitter)
Marcus Harris (Pic Source-Twitter)

इस समय ग्लूस्टरशायर और ग्लेमोर्गन के बीच काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन दो का मुकाबला खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज मार्कस हैरिस ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 192 गेंदों में 20 चौकों की मदद से 158 रनों की शानदार पारी खेली।

बता दें, उनकी इस पारी के बदौलत ग्लूस्टरशायर ने मुकाबले में जबरदस्त वापसी की। यह उनका ग्लूस्टरशायर के लिए चौथा फर्स्ट क्लास शतक है। ग्लूस्टरशायर की पहली पारी में भी उन्होंने अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए थे। मार्कस हैरिस ने पहली पारी में 129 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 59 रन जड़े थे। हालांकि उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और इसी वजह से टीम पहली पारी में 165 रन पर ऑलआउट हो गई।

इसके बाद ग्लेमोर्गन ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 404 रन बनाए। टीम की ओर से किरण कार्लसन ने 136 गेंदों में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 103 रन बनाए जबकि बिली रूट ने 179 गेंदों में 16 चौके और एक छक्के की मदद से 117 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली।

मार्कस हैरिस ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं 14 टेस्ट मुकाबले

बता दें, मार्कस हैरिस ऑस्ट्रेलिया के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने 26 पारियों में अभी तक 25.29 के औसत और 45.92 के स्ट्राइक रेट से 607 रन बनाए हैं। वो ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 2021-22 ऐशज सीरीज में मेजबान टीम में शामिल थे। उस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से अपने नाम किया था। मार्कस हैरिस ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट फॉर्मेट में 3 अर्धशतक भी कर चुके हैं।

मार्कस हैरिस ने अभी तक अपने फर्स्ट क्लास कैरियर में 143 मुकाबलों में 39.32 के औसत से 9555 रन बनाए हैं जिसमें 24 शतक और 40 अर्धशतक मौजूद है। मार्कस हैरिस खुद यही चाहेंगे कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन करें और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दें। फिलहाल तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ग्लूस्टरशायर ने अपनी दुसरी पारी में 5 विकेट खोकर 373 रन बना लिए हैं।

close whatsapp