न्यूजीलैंड ए के खिलाफ एक और शानदार शतक लगाकर 2023 एशेज टीम में चयन के एक और कदम करीब पहुंचे मैथ्यू रेनशॉ
मैथ्यू रेनशॉ भारत दौरे पर पहले दो टेस्ट मैचों में सिर्फ चार रन बना पाए थे।
अद्यतन - अप्रैल 10, 2023 4:30 अपराह्न

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ न्यूजीलैंड ए के खिलाफ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी एशेज 2023 सीरीज के लिए अपने चयन के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का सिरदर्द बढ़ा रहे हैं।
रेनशॉ ने लिंकन में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अपना दूसरा शतक लगाकर आगामी एशेज 2023 के लिए चयन के लिए अपना दावा और मजबूत कर दिया है। मैथ्यू रेनशॉ ने अपनी शानदार पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया ए टीम के लिए दूसरी पारी में 261 गेंदों पर 140 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने पिछले हफ्ते पहले रेड-बॉल मैच के दौरान क्रमश: 112 और 78 रनों की शानदार पारियां खेली थी।
मैथ्यू रेनशॉ एशेज टीम में चयन करवाकर ही मानेंगे
आपको बता दें, बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने अपने 19वें फर्स्ट-क्लास शतक के दौरान एक छक्का और 12 चौके लगाए। यह पिछले एक साल के अंतराल में रेनशॉ का छठा शतक था। रेनशॉ ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चल रही रेड-बॉल सीरीज में 200 से अधिक रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया ए के न्यूजीलैंड दौरे को ड्यूक गेंदों के उपयोग के साथ-साथ अंग्रेजी परिस्थितियों के अनुकूल बल्लेबाजों को सेट करने के लिए शेड्यूल किया गया था, क्योंकि ड्यूक गेंदों का उपयोग एशेज में भी किया जाता है।
अगर दूसरे रेड-बॉल मैच की बात करे, तो बारिश ने एक फिर से मैच में खलल डाली, जिसके कारण निर्धारित दिन के लिए 20 ओवर शेष होने के बावजूद तीसरे दिन के खेल को जल्द समाप्त कर दिया गया। ऑस्ट्रेलिया ए ने टिम वार्ड और मैथ्यू रेनशॉ के बीच 136 रनों की साझेदारी के बदौलत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ बोर्ड पर 297/5 पोस्ट किए। मेहमान टीम फिलहाल न्यूजीलैंड ए से 304 रनों से आगे चल रही है।
मैथ्यू रेनशॉ की तारीफ करते हुए टिम वार्ड ने cricket.com.au के हवाले से कहा: ‘मुझे रेनशॉ के साथ बल्लेबाजी करना पसंद है। हमने तीन बार साथ में बल्लेबाजी की है और हर बार 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी की है। मुझे वास्तव में उसके साथ बल्लेबाजी करना पसंद है, वह चीजों को सरल रखता है और यह बहुत मजेदार है।’