RR के खिलाफ मैदान पर उतरते ही एमएस धोनी दर्ज कर लेंगे अपने नाम एक और रिकॉर्ड, रवींद्र जडेजा ने दिया CSK कप्तान को खास संदेश
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज यानी 12 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शानदार मैच होने जा रहा है।
अद्यतन - Apr 12, 2023 4:55 pm

चेन्नई सुपर किंग्स के अनुभवी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 12 अप्रैल को खेले जाने वाले राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में इतिहास दर्ज करने के लिए बेताब है। बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज यानी 12 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शानदार मैच होने जा रहा है।
महेंद्र सिंह धोनी का यह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से एक कप्तान के रूप में 200वां मैच है। इसका मतलब यह है कि अभी तक महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से IPL में 199 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं। वो जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में कप्तानी करने के लिए उतरेंगे तो धोनी पहले खिलाड़ी होंगे जिन्होंने IPL के इतिहास में किसी भी फ्रेंचाइजी की 200 मुकाबलों में कप्तानी की हो।
इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की भी कप्तानी की है। इंडियन प्रीमियर लीग में उन्होंने अभी तक कुल 213 मुकाबलों में कप्तानी की है। 125 मुकाबलों में उन्होंने कप्तान के रूप में जीत दर्ज की जबकि 87 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब इसी को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने धोनी की जमकर तारीफ की है।
धोनी भारतीय क्रिकेट के लीजेंड हैं: रवींद्र जडेजा
इस मुकाबले से पहले रिपोर्टर से बात करते हुए अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कहा कि, ‘मैं अब क्या ही कह सकता हूं। धोनी सिर्फ CSK के लीजेंड नहीं है बल्कि भारतीय क्रिकेट के भी लीजेंड हैं। मैं उनको ढेर सारी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। उम्मीद करता हूं कि यह मैच हम जीते और उन्हें यह जीत तोहफे में दें।’
बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में 3 मुकाबले खेले हैं जिसमें से दो में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स ने भी अभी तक इस टूर्नामेंट में 3 मैच खेले हैं जिसमें से 2 में उन्होंने जीत दर्ज की है।