काफी अच्छा लग रहा है कि मैं इतने लंबे समय तक टिक गया: महेंद्र सिंह धोनी
इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 17वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है।
अद्यतन - अप्रैल 12, 2023 8:17 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 17वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस शानदार मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने इतिहास रच दिया। यह उनका CSK कप्तान के रूप में 200वां IPL मैच है।
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग में अभी तक महेंद्र सिंह धोनी ने कुल 213 मुकाबलों में कप्तानी की है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स की भी कप्तानी की है। इसी के साथ उन्होंने 125 मुकाबलों में जीत दर्ज की जबकि 87 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 1 मैच नो-रिजल्ट में समाप्त हुआ।
मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी को सम्मानित किया गया। टॉस के दौरान धोनी ने कहा कि, ‘ काफी अच्छा लग रहा है कि 200वीं बार मैं टीम की कप्तानी कर रहा हूं। सभी दर्शक कमाल के हैं। नया स्टेडियम ऐसा है कि आप स्विजरलैंड में खेल रहे हैं। हमने क्रिकेट को बदलते हुए देखा है। काफी अच्छा लग रहा है कि मैं इतने ज्यादा समय तक टिक गया। यह प्रारूप भी काफी तेजी से बदल रहा है।’
दोनों टीमें इस मैच को जीतना चाहेंगी
अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स दोनों ने इस टूर्नामेंट के इस सीजन में तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें से दो में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि एक में दोनों को हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को करारी शिकस्त दी थी। इस समय खेले जा रहे मुकाबले की बात की जाए तो चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मोइन अली, ऋतुराज गायकवाड और अंबाती रायडू बल्लेबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोस बटलर, संजू सैमसन ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की है।