आईपीएल 2023: PBKS vs GT मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करते पकड़े गए हार्दिक पांड्या
गुजरात टाइटंस (GT) का जारी आईपीएल 2023 में अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 16 अप्रैल को अहमदाबाद में है।
अद्यतन - अप्रैल 14, 2023 3:21 अपराह्न

गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान हार्दिक पांड्या 13 अप्रैल को मोहाली में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के 18वें मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए गए हैं।
इस आईपीएल 2023 मुकाबलें में गुजरात टाइटंस (GT) ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ छह विकेट की जीत दर्ज की, लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। दरअसल, हार्दिक पांड्या PBKS के खिलाफ मैच के दौरान निर्धारित ओवर रेट के हिसाब से गेंदबाजी नहीं कराने के दोषी पाए गए हैं।
PBKS के खिलाफ GT की जीत के बाद हार्दिक पांड्या को लगा बड़ा झटका
गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान पर पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ पिछले आईपीएल 2023 मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर (आरसीबी) के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान संजू सैमसन के बाद हार्दिक पांड्या तीसरे कप्तान हैं, जिन्हें जारी टूर्नामेंट में ओवर-रेट से जुड़े अपराध के लिए दंडित किया गया है।
आईपीएल मीडिया एडवाइजरी ने कहा: “चूंकि आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह हार्दिक पांड्या की टीम का पहला अपराध था, इसलिए कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।” आपको बता दें, आईपीएल मैच तय समयानुसार तीन घंटे और 20 मिनट में समाप्त होने चाहिए, लेकिन धीमी ओवर गति जारी आईपीएल 2023 में एक समस्या साबित हो रही है, क्योंकि इस सीजन में कई मैच चार घंटे से भी ज्यादा का समय ले चुके हैं।
आपको बता दें, पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ गुजरात टाइटंस (GT) की जीत जारी आईपीएल 2023 की तीसरी जीत है, जिसके साथ ही पांड्या की टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है, जबकि पंजाब चार मैचों में चार अंकों के साथ छठे स्थान पर काबिज है। गुजरात टाइटंस (GT) का जारी आईपीएल 2023 में अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 16 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है, जहां मेजबान टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।