आईपीएल 2023: KKR के खिलाफ अर्धशतक लगाकर डेविड वार्नर ने तोड़ा एक और बड़ा रिकॉर्ड
डेविड वार्नर वर्तमान में आईपीएल के इतिहास में तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
अद्यतन - Apr 21, 2023 10:39 am

दिल्ली कैपिटल्स (DC) को अंततः इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जारी 16वें संस्करण में जीत नसीब हो ही गई। डेविड वार्नर की अगुआई वाली दिल्ली टीम ने 20 अप्रैल को जारी आईपीएल 2023 में लगातार पांच मैचों में हार का सामना करने के बाद टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 28वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को चार विकेट से मात देकर इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस बीच, दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने भले ही इस सीजन में जीत की पटरी पर आने में बहुत समय लगा दिया, लेकिन उनके कप्तान डेविड वार्नर ने शुरूआत से ही काफी रन बटोरे हैं। वार्नर इस समय जारी आईपीएल 2023 में 6 मैचों में 285 रनों के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज है।
डेविड वार्नर ने आईपीएल में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की
आपको बता दें, डेविड वार्नर एक ऐसे क्रिकेटर है, जो न केवल आक्रामक क्रिकेट खेलना जानते हैं, बल्कि वह एंकर की भूमिका निभाना भी बखूबी जानते हैं। वह टी-20 क्रिकेट के दिग्गजों में से एक है, और आईपीएल के जाने-माने खिलाड़ियों में से एक हैं, जो इस टूर्नामेंट में पिछले कुछ सालों से खूब रन बना रहे है। इस बीच, वार्नर ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने शानदार अर्धशतक (41 गेंदों में 57 रन) के साथ आईपीएल का एक और रिकॉर्ड तोड़ते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
दरअसल, डेविड वार्नर रोहित शर्मा को पछाड़कर KKR के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्टार ने KKR के खिलाफ 26 पारियों में 146 की जोरदार स्ट्राइक रेट के साथ 1042 रन बनाए हैं। KKR के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान अब 32 पारियों में 1040 रनों के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। इस एलीट लिस्ट में रोहित शर्मा के बाद शिखर धवन (850 रन) और सुरेश रैना (829 रन) हैं।
David Warner has scored the most runs against KKR in IPL history, over takes Rohit.
An IPL GOAT – Warner. pic.twitter.com/yFCmRYItfL
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 20, 2023
इसके अलावा, वार्नर वर्तमान में आईपीएल के इतिहास में 168 मैचों में 42.23 के औसत से 6166 रनों के साथ तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अब वह इस लिस्ट में केवल विराट कोहली और शिखर धवन से पीछे हैं। वार्नर ने आईपीएल में अब तक 4 शतक और 59 अर्धशतक लगाए है।