IPL 2023: KKR के खिलाफ इशांत शर्मा के शानदार प्रदर्शन को लेकर कुलदीप यादव ने दिया बड़ा बयान
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में इशांत शर्मा ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए।
अद्यतन - अप्रैल 21, 2023 3:43 अपराह्न

आईपीएल 2023 में लगातार पांच मुकाबलों में मिली हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स को आखिरकार पहली जीत मिल चुकी है। पहले गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 127 रनों पर समेट दिया था।
जिसके बाद टीम ने कप्तान डेविड वॉर्नर के 57 और अक्षर पटेल के नाबाद 19 रनों की पारी के चलते 4 विकेट से जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स की पहली जीत के बाद कुलदीप यादव टीम के प्रदर्शन और सीनियर गेंदबाज इशांत शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया।
पहली जीत के लिए लड़ाई करनी पड़ती है- कुलदीप यादव
दिल्ली कैपिटल्स की पहली जीत पर कुलदीप यादव ने बात करते हुए कहा, ‘पहली जीत हमेशा ही जरूर होती है जिससे आपको मोमेंटम मिल सकें। हमने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। पूरी टीम का प्रयास था जिसके चलते हमने उन्हें 127 रनों पर रोक दिया।’
दिल्ली कैपिटल्स के रन चेज के बारे में बात करते हुए कुलदीप यादव ने कहा, ‘हमने एक समय पर आकर लगातार विकेट गंवाए। लेकिन हम उतने ज्यादा परेशान भी नहीं थे क्योंकि जीत के लिए महज कुछ रनों की ही जरुरत थी। अक्षर और ललित ने हमारे लिए गेम को फिनिश किया। आपको हमेशा पहली जीत के लिए लड़ाई करनी पड़ती है और वहीं हमने आज किया।’
इशांत के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है- कुलदीप यादव
दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए थे। अपने प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए कुलदीप यादव ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि मेरे सहयोग ने टीम को जीत दिलाने में मदद की। अगर मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं और टीम नहीं जीत रही तो मेरा प्रदर्शन मायने नहीं रखता है।’
इशांत शर्मा ने करीबन दो साल बाद अपना पहला आईपीएल मैच खेला। इशांत शर्मा ने 4 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए और मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।
कुलदीप यादव ने इशांत शर्मा के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, ‘इशांत गेंद से बहुत ही सटीक थे, आप में आत्मविश्वास आ जाता हैं जब आप अनुभवी खिलाड़ी के साथ मैदान में उतरते हैं। वह दिल्ली के कंडिशन के बारे में जानते हैं और हमें महत्वपूर्ण सफलता दिलाते हुए नजर आए। मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है, क्योंकि वह एक हफ्ते से अस्वस्थ हैं और उसके बाद भी उन्होंने शानदार खेल दिखाया।’