शुभमन और राहुल में कौन कर सकता है WTC फाइनल में भारतीय टीम से ओपनिंग? जानें क्या कहा पूर्व इंग्लिश कप्तान ने
माइकल वॉन के मुताबिक केएल राहुल WTC फाइनल में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं क्योंकि उनको इंग्लिश परिस्थिति में खेलने का काफी अनुभव है।
अद्यतन - अप्रैल 26, 2023 3:36 अपराह्न

25 अप्रैल को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम की घोषणा की। इस टीम में अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे की भी वापसी हुई। बता दें, भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने अपना आखिरी टेस्ट पिछले साल जनवरी महीने में खेला था।
हालांकि रणजी ट्रॉफी 2022-23 सीजन में उन्होंने मुंबई टीम की ओर से काफी अच्छा प्रदर्शन किया और इस समय खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से काफी अच्छी बल्लेबाजी की। इस समय ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर दोनों ही खिलाड़ी अपनी चोट से उभर रहे है और इसी वजह से रहाणे को आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इसी के साथ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारतीय टीम के ओपनिंग क्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनके मुताबिक केएल राहुल WTC फाइनल में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं क्योंकि उनको इंग्लिश परिस्थिति में खेलने का काफी अनुभव है।
शुभमन गिल की जगह केएल राहुल ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं: माइकल वॉन
माइकल वॉन ने क्रिकबज को बताया कि, ‘इंग्लिश परिस्थितियों में सिर्फ एक ही बदलाव देखने को मिल सकता है और वो है शुभमन गिल की जगह केएल राहुल। ऐसा इसलिए क्योंकि राहुल के पास इंग्लिश परिस्थितियों में खेलने का काफी अनुभव है। शुभमन काफी अच्छे युवा खिलाड़ी हैं लेकिन आपको क्रिकेट का वो एक मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। पहले की सारी बातों को भूल जाएं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को जीतने के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ XI को चुनें। जब सीधे की बात आती है तो गिल काफी खतरनाक खिलाड़ी है लेकिन उनका डिफेंस थोड़ा कमजोर है।
इंग्लैंड में गेंद काफी स्विंग होगी और वो कैच आउट हो सकते हैं। फिलहाल मैं सिलेक्शन रूम में नहीं हूं इसलिए यह पक्की तरह से नहीं कह सकता कि वो गिल की जगह राहुल को ही चुनेंगे। लेकिन टीम वही चुनें जो आपको WTC फाइनल जिताने में मदद कर सकती है।’