खुद इंग्लिश तेज गेंदबाज को नहीं हो रहा यकीन कि ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के लिए सिर्फ चार तेज गेंदबाजों को टीम में किया शामिल
एशेज सीरीज का पहला मैच 16 जून को खेला जाएगा।
अद्यतन - अप्रैल 26, 2023 6:08 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 टूर्नामेंट खेला जा रहा है। कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं। 28 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 समाप्त हो जाएगा और उसके बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत से भिड़ेंगे।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड में एशेज सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड आपस में पांच मुकाबले खेलेंगे। एशेज सीरीज का पहला मैच 16 जून को खेला जाएगा। टीम मैनेजमेंट भी यही चाहेगी कि सभी खिलाड़ियों के ऊपर ज्यादा वर्कलोड ना पड़े।
हाल ही में बेन स्टोक्स ने यह बयान दिया था कि इंग्लैंड एशेज सीरीज के लिए 8 तेज गेंदबाजों को शामिल करेगा ताकि वर्कलोड खिलाड़ियों के ऊपर ज्यादा ना रहे, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के लिए सिर्फ चार तेज गेंदबाजों को अपने खेमे में शामिल किया है। इसी को लेकर इंग्लिश तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स ने अपना पक्ष रखा है।
तेज गेंदबाजों को आराम देना बेहद जरूरी है: मैथ्यू पॉट्स
स्काई स्पोर्ट्स के साथ इंटरव्यू में मैथ्यू पॉट्स ने कहा कि, ‘हां, मैंने यह बात देखी जब उन्होंने चार तेज गेंदबाजों को चुना। मुझे यह थोड़ा हैरान कर देने वाला फैसला लगा। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके पास और भी अच्छे तेज गेंदबाज हैं। माइकल नीसर ग्लैमऑर्गन के लिए खेल चुके हैं। वो फिट भी हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम उनको भी टीम में शामिल कर सकती है। मेरे हिसाब से इतनी बड़ी सीरीज के लिए ज्यादा से ज्यादा तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल किया जाना चाहिए।’
मैथ्यू पॉट्स ने आगे कहा कि, ‘ तेज गेंदबाजों को आराम देना बेहद जरूरी है और उन्हें रोटेट भी करना चाहिए। 6 हफ्तों में 5 मुकाबले खेले जाने हैं और यह किसी के लिए भी बहुत ही मुश्किल काम होगा। मैं यही कोशिश करूंगा कि अच्छा प्रदर्शन करूं और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दूं।’