आईपीएल 2023: आईपीएल के 1000वें मैच में MI और RR आमने-सामने होंगे; BCCI ने खास जश्न की बनाई योजना
आईपीएल के 1000वें मैच की पूर्व संध्या पर ड्राई रन का आयोजन किया जाएगा।
अद्यतन - अप्रैल 30, 2023 12:18 अपराह्न

क्रिकेट प्रशंसकों खासकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्रशंसकों के लिए आज का सुपर संडे और भी सुपर डुपर होने वाला है, क्योंकि 30 अप्रैल को आईपीएल का 1000वां मैच खेला जाना है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस ऐतिहासिक मैच में मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी।
जारी आईपीएल 2023 का 42वां मैच भारत की इस टी-20 लीग का 1000वां मैच होगा, जो खेल जगत में बहुत बड़ी उपलब्धि होगी, और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस अवसर का जश्न मनाने के लिए एक छोटे से उत्सव की योजना बनाई है, जो 10-15 मिनट तक चलेगा और मैच से पहले पूर्व खिलाड़ी और मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा और राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान संजू सैमसन शामिल होंगे।
BCCI ने आईपीएल के 1000वें मैच के लिए बनाई खास योजना
BCCI के एक सूत्र ने टाइम ऑफ इंडिया के हवाले से खुलासा किया कि “भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस अवसर को सेलिब्रेट करने के लिए एक छोटा सा उत्सव आयोजित करेगा। वालंटियर्स 1000वां मैच ध्वज, “धन्यवाद ध्वज” और भारतीय ध्वज पकड़े हुए नजर आएंगे। यह सेरेमनी महज 10-15 मिनट तक चलेगी, और इसकी शुरुआत रवि शास्त्री के भीड़ को संबोधित करने से होगी। जिसके बाद एक वीडियो चलाया जाएगा, जिसमें कुछ खिलाड़ी आईपीएल के बारे में बात करेंगे।
फिर, BCCI के पदाधिकारी दोनों कप्तानों को मोमेंटो सौंपेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान होगा। मैच की पूर्व संध्या पर ड्राई रन का आयोजन किया जाएगा।” खबरों के अनुसार, इस छोटे से इवेंट के संचालन के लिए आईपीएल की ओर से एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी से संपर्क किया गया है।
आपको बता दें, आईपीएल का पहला मैच 18 अप्रैल 2008 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। इस समय आईपीएल का 16वां संस्करण खेला जा रहा है। इस अवधि में आईपीएल ने कुछ उतार-चढ़ाव देखे और अब यह दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी लीग बन गई है।