RCB vs LSG मैच के गरमा-गरमी के बीच विराट कोहली और उनके फैन की यह खास तस्वीर जीत लेगी आपका दिल
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ विराट कोहली ने 30 गेंदो में 31 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - मई 2, 2023 11:53 पूर्वाह्न

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 18 रनों से शानदार जीत दर्ज की। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 19.5 ओवर में 108 रनों पर ऑलआउट हो गई।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच काफी ज्यादा गरमा-गरमी देखी गई। लेकिन इस वक्त सोशल मीडिया में विराट कोहली और उनके फैन की एक खास तस्वीर जमकर वायरल हो रही है। जो सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत रही है।
फैन ने विराट कोहली के लिए इस तरह जताया प्यार
भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली की फैन फॉलोइंग किसी से छुपी नहीं है। विराट कोहली जिस भी मैदान पर खेलने के लिए पहुंचते हैं वहां हजारों फैंस उन्हें सपोर्ट करने के लिए मौजूद रहते हैं। इसी बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के दौरान विराट कोहली से मिलने के लिए उनके एक फैन मैदान के अंदर पहुंच गए।
विराट कोहली से मिलने के बाद वह फैन कोहली के पैर छूते हुए भी नजर आए। मैदान से बाहर जाने से पहले फैन ने विराट कोहली को गले भी लगाया। विराट कोहली और उनके फैन के बीच का यह खास पल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है।
यहां देखें विराट कोहली और उनके फैन की वायरल तस्वीर-
One fan touched the feet of Kohli.
The Craze of King. pic.twitter.com/FVurgLFW4Y
— Johns. (@CricCrazyJohns) May 1, 2023
RCB गेंदबाजों के आगे बेबस दिखे लखनऊ के बल्लेबाज
इकाना स्पोर्ट्स सिटी की पिच पर रन बनाना काफी ज्यादा मुश्किल हो रहा था। लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने विराट कोहली के 30 गेंदो में 31 और कप्तान फाफ डु प्लेसिस के 40 गेंदो में 44 रनों की पारी के दम पर 126 रनों का टोटल बोर्ड पर खड़ा किया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को काफी ज्यादा खराब शुरूआती मिली, टीम ने पावरप्ले के अंदर ही चार विकेट गंवा दिए थे। निकोलस पूरन और मार्कस स्टोइनिस के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी थी। लेकिन निकोलस पूरन सातवें ओवर में (9 रन) और मार्कस स्टोइनिस 11वें ओवर में (13 रन) पर आउट हो गए।
कृष्णप्पा गौतम अच्छी बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे थे। लेकिन 12वें ओवर की पहली गेंद पर दूसरा रन भागने के चक्कर में रन आउट हो गए। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल 11वें नंबर में बल्लेबाजी करने उतरे। लेकिन चोटिल रहने के चलते कुछ भी कमाल दिखा पाने में असफल रहे।