आईपीएल 2023: आईपीएल में चेज के दौरान सुपर फ्लॉप रहे हैं भुवनेश्वर कुमार! - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: आईपीएल में चेज के दौरान सुपर फ्लॉप रहे हैं भुवनेश्वर कुमार!

भुवनेश्वर कुमार जारी आईपीएल 2023 में गेंद के साथ बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं लग रहे हैं।

Bhuvneshwar Kumar. (Image Source: BCCI-IPL)
Bhuvneshwar Kumar. (Image Source: BCCI-IPL)

जब भी कोई क्रिकेटर मैदान में उतरता है, तो उसका इरादा बहुत स्पष्ट होता है कि उसे अपनी टीम को हर हाल में जीत दिलाना है। फिर वह चाहे बल्लेबाज हो या गेंदबाज, उसका उद्देश्य अपनी टीम की सफलता में योगदान देना होता है, लेकिन ऐसे कई उदाहरण हैं, जिनके कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

ऐसे ही खिलाड़ियों में से एक भारत और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार है। भुवनेश्वर कुमार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में कभी भी अपनी टीम के लिए मैच नहीं जीता है, जब भी वह चेज के दौरान बल्लेबाजी करने के लिए उतरे हैं।

आईपीएल में बल्ले के साथ बेहद खराब रिकॉर्ड है भुवी का

आपको बता दें, भुवी ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ की थी, जिसके बाद उन्होंने 2011 से 2013 तक पुणे वारियर्स इंडिया के लिए खेला और अब वह 2014 से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम का हिस्सा है। इस बीच, 33-वर्षीय तेज गेंदबाज ने 34 आईपीएल मैचों में चेज के दौरान अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी की, लेकिन वह हर मैच में बल्ले के साथ फ्लॉप रहे, और उनकी टीम को सभी 34 मैच गंवाने पड़े।

4 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक बार फिर ऐसा ही कुछ देखने को मिला, जब भुवी एक बार फिर अपनी टीम के लिए मैच जीतने में असफल रहे। दरअसल, भुवनेश्वर कुमार जारी आईपीएल 2023 के 47वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अंतिम कुछ ओवरों में बल्लेबाजी के लिए उतरे, और वह पांच गेंदों में मात्र एक रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उनकी हैदराबाद टीम को पांच रनो से मात झेलनी पड़ी।

इससे पहले, इसी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के गेंदबाज मुकेश कुमार ने भुवनेश्वर को अंतिम ओवर में रन नहीं बनाने दिए, और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) यह मैच भी हार गई। आपको बता दें, भुवनेश्वर ने अब तक आईपीएल में 155 मैच खेले हैं, जिनमें वह केवल 254 रन बनाने में सफल रहे हैं। SRH के स्टार तेज गेंदबाज ने जारी आईपीएल 2023 में 9 मैचों में 8 विकेट लिए हैं, वहीं फ्रेंचाइजी 9 मैचों में 3 जीत के साथ अंकतालिका में नौवें स्थान पर है।

close whatsapp