केएल राहुल WTC 2023 के फाइनल से हुए बाहर; BCCI ने रिप्लेसमेंट के साथ स्टैंडबाय प्लेयर्स की घोषणा की - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल WTC 2023 के फाइनल से हुए बाहर; BCCI ने रिप्लेसमेंट के साथ स्टैंडबाय प्लेयर्स की घोषणा की

जयदेव उनादकट के बाएं कंधे में नेट्स में गेंदबाजी करते हुए साइड रोप पर फिसलने से चोट लग गई है।

KL Rahul. (Image Source: BCCI)
KL Rahul. (Image Source: BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 8 मई को घोषणा की कि केएल राहुल जांघ की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 जून से लंदन के द ओवल में खेले जाने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023 के फाइनल से बाहर हो गए हैं।

BCCI ने मीडिया एडवाइजरी में कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच 1 मई को खेले गए आईपीएल 2023 के 43वें मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए केएल राहुल की दाहिनी जांघ में चोट लग गई थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आगे कहा उन्होंने विशेषज्ञों से परामर्श के बाद यह निर्णय लिया है कि राहुल जल्द से जल्द सर्जरी करवाएंगे और इसके लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहैब करेंगे।

ईशान किशन ने भारत के स्क्वॉड में ली राहुल की जगह

केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023 के फाइनल से बाहर हो गए हैं। इस बीच, BCCI ने पुष्टि की कि अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने आगामी WTC 2023 फाइनल के लिए ईशान किशन को राहुल के प्रतिस्थापन के रूप में चुना है।

वहीं, जयदेव उनादकट के बाएं कंधे में नेट्स में गेंदबाजी करते हुए साइड रोप पर फिसलने से चोट लग गई है। एक स्पेशलिस्ट की सलाह के बाद बाएं-हाथ का यह तेज गेंदबाज वर्तमान में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में (NCA) है, जहां वह अपने कंधे के लिए स्ट्रेंथ और रिहैब से गुजर रहा है। बोर्ड ने आगे बताया कि जयदेव उनादकट की आगामी WTC 2023 फाइनल में भागीदारी पर फैसला बाद में लिया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, उमेश यादव को 26 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए आईपीएल 2023 के 36वें मैच के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में मामूली चोट लगी थी। फिलहाल, वह KKR की मेडिकल टीम की देखरेख में है, और अपनी रिहैब प्रक्रिया के तहत उन्होंने धीरे-धीरे गेंदबाजी भी शुरू कर दी है। BCCI की मेडिकल टीम KKR की मेडिकल टीम के संपर्क में है, और उमेश की प्रोग्रेस पर करीब से नजर रख रही है।

यहां देखिए WTC फाइनल के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड:

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, ईशान किशन (विकेटकीपर)।

स्टैंडबाय प्लेयर्स: रुतुराज गायकवाड़, मुकेश कुमार, सूर्यकुमार यादव।

close whatsapp