माइकल वॉन ने एशेज 2023 से पहले ऑस्ट्रेलिया के ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बड़े बदलाव की मांग की - क्रिकट्रैकर हिंदी

माइकल वॉन ने एशेज 2023 से पहले ऑस्ट्रेलिया के ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बड़े बदलाव की मांग की

माइकल वॉन ने कहा ऑस्ट्रेलिया को बाएं हाथ-दाएं हाथ की सलामी जोड़ी आजमाना चाहिए।

David Warner, Michael Vaughan and Mitchell Marsh. (Image Source: Getty Images)
David Warner, Michael Vaughan and Mitchell Marsh. (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि मिचेल मार्श को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी एशेज 2023 में ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग करनी चाहिए, जिसका मतलब है कि खराब फॉर्म में चल रहे डेविड वार्नर बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरेंगे।

आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में डेविड वार्नर की जगह पिछले कुछ महीनों से सवालों के घेरे में है, क्योंकि उनके प्रदर्शन का स्तर गिर गया है। वार्नर ने 2020 के बाद से केवल एक टेस्ट शतक लगाया है, और इस साल की शुरुआत में भारत के खिलाफ तीन पारियों में सिर्फ 26 रन बनाए। वहीं दूसरी ओर, ड्यूक गेंद का सामना करते समय वार्नर का औसत 25 पारियों में केवल 26.04 है। वहीं, स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट में किसी भी गेंदबाज से सबसे ज्यादा बाएं-हाथ के बल्लेबाज को आउट किया है।

मिचेल मार्श को 2023 एशेज सीरीज में ओपनिंग करनी चाहिए: माइकल वॉन

जिसे देखते हुए माइकल वॉन चाहते हैं कि ऑलराउंडर मिशेल मार्श आगामी एशेज 2023 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए ओपनिंग करें, क्योंकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड बाएं-हाथ के बल्लेबाजों की साझेदारी का फायदा उठाने के लिए जाने जाते हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान का मानना है कि अगर मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग करता है, तो यह उनकी बल्लेबाजी लाइन-अप को आक्रामक बनाने के साथ-साथ बाएं हाथ-दाएं हाथ की सलामी जोड़ी भी पेश करेगा।

माइकल वॉन ने द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के हवाले से कहा: “आप दो बाएं-हाथ के बल्लेबाजों को स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के सामने क्यों पेश करना चाहते हैं? आप उन दो महान गेंदबाजों को ठीक वही क्यों दे रहे हैं, जो वे शीर्ष क्रम में खुद चाहते हैं और उन्हें मजा चखाने में माहिर हैं? सच कहूं तो मैं मिचेल मार्श जैसे किसी व्यक्ति से ओपनिंग करवाना चाहूंगा, क्योंकि यह उसे टीम में लाता है। वह आपके लिए कुछ घंटे गेंदबाजी कर सकता है।

मार्श ने इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। वह दाएं-हाथ का बल्लेबाज है और वह आक्रामक अप्रोच अपना सकता है। पिछली कुछ सीरीजों में जिस किसी ने भी ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग की, सभी ने संघर्ष किया है, तो क्यों न कुछ अलग करने की कोशिश की जाए? एंडरसन पहले से बेहतर गेंदबाजी कर रहा है। वह उम्र के साथ बेहतर होता जा रहा है। वह बाएं-हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करना पसंद करता है। आप दो बाएं-हाथ के बल्लेबाजों को ब्रॉड और एंडरसन के सामने क्यों खिलाना चाहेंगे?”

close whatsapp