ऋषभ पंत ने NCA में अंडर-16 खिलाड़ियों के साथ की मुलाकात
8 मई को ऋषभ पंत को NCA के अंडर-16 क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ मुलाकात करते हुए देखा गया।
अद्यतन - मई 9, 2023 7:25 अपराह्न

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इस समय राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA), बैंगलोर में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं। बता दें, दिसंबर 2022 में वो एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इस कार दुर्घटना में उन्हें काफी चोट लगी थी। तब से ऋषभ पंत सिर्फ आराम कर रहे हैं और क्रिकेट से उन्होंने फिलहाल दूरी बना रखी है।
हाल ही में एक्सीडेंट होने के बाद ऋषभ पंत को बिना बैसाखी के चलते हुए देखा गया। NCA में वो टेबल टेनिस का भी काफी लुफ्त उठा रहे थे। 8 मई को ऋषभ पंत को NCA के अंडर-16 क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ मुलाकात करते हुए देखा गया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में कुछ तस्वीरें साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि ऋषभ पंत अंडर-16 खिलाड़ियों के साथ मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा कि, ‘जो खिलाड़ी अंडर-16 हाई परफॉर्मेंस कैंप, NCA बैंगलोर में भाग ले रहे हैं उनकी मुलाकात ऋषभ पंत से हुई और उन्होंने आपस में क्रिकेट को लेकर काफी बातचीत की।’
यह रहा BCCI का ट्वीट:
The boys who are part of the Under-16 high performance camp at NCA Bangalore had the opportunity to interact with Rishabh Pant on cricket, life, hard work and much much more 👌🏻👌🏻
It was very generous of @RishabhPant17 to spare time for interacting with these young boys 👏🏻👏🏻 pic.twitter.com/cBFfLu0nJC
— BCCI (@BCCI) May 9, 2023
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स टीम की बात की जाए तो वो अभी इस अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। उन्होंने अभी तक 10 मुकाबलों में 4 में जीत दर्ज की है जबकि छह में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। डेविड वॉर्नर की कप्तानी में टीम को शुरुआती पांच मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी थी।
हालांकि आखिरी पांच मुकाबलों में उन्होंने 4 में जीत दर्ज की है। टीम को अगर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो उन्हें अब यहां से सभी मैचों को अपने नाम करना होगा। दिल्ली कैपिटल्स को ऋषभ पंत की कमी जरूर खल रही होगी क्योंकि उन्होंने IPL के कई संस्करणों तक टीम के लिए काफी अच्छी बल्लेबाजी की है।
फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स को अपना अगला मुकाबला 10 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है।