विक्टोरिया क्रिकेट टीम के साथ वापस से जुड़े पीटर सिडल, दो सालों के लिए डील की साइन
पीटर सिडल साल 2005 में पहली बार विक्टोरिया क्रिकेट टीम से जुड़े थे।
अद्यतन - मई 11, 2023 12:00 अपराह्न

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पीटर सिडल ने दिसंबर 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। पीटर सिडल ने 67 टेस्ट और 20 वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
पीटर पिछले दो सालों से फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में तस्मानिया के लिए खेलते हुए नजर आ रहे थे। लेकिन वह अब वापस से अपनी टीम विक्टोरिया से जुड़ चुके हैं। विक्टोरिया क्रिकेट टीम ने पीटर सिडल के साथ दो सालों के लिए डील साइन की है।
साल 2005 में पहली बार विक्टोरिया टीम से जुड़े थे पीटर सिडल
पीटर सिडल ने तस्मानिया के लिए खेलते हुए साल 2021-22 में रिकी पोंटिंग मेडल अपने नाम किया था। ऐसी खबरें आ रही थी कि पीटर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। लेकिन वह विक्टोरिया टीम से वापस से जुड़ चुके हैं।
आपको बता दें पीटर सिडल साल 2005 में पहली बार विक्टोरिया क्रिकेट टीम से जुड़े थे। पीटर सिडल के विक्टोरिया टीम से जुड़ने पर डेविड हसी (क्रिकेट विक्टोरिया हेड ऑफ मेल क्रिकेट) काफी ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं। डेविड हसी का मानना है कि पीटर की मौजूदगी युवा गेंदबाजों को सही दिशा प्रदान करेगी।
डेविड हसी ने ESPNCricinfo पर बात करते हुए कहा, ‘पीटर सिडल की मौजूदगी से खेमे में मौजूद युवा तेज गेंदबाजों को सहायता मिलेगी जो काफी रोमांचक होने वाला है। वह इन सबके लिए एक शानदार मेंटोर साबित होंगे। पीटर एक बहुत जुनूनी विक्टोरियन है, और यह शानदार है कि वह अपना करियर अपने घर में समाप्त करेंगे।’
जॉन हॉलैंड और ऐरोन फिंच को लेकर डेविड हसी ने कही यह बात
पीटर सिडल की विक्टोरिया क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। लेकिन साथ ही में टीम के दिग्गज स्पिनर जॉन हॉलैंड ने टीम को अलविदा कह दिया है। 35 वर्षीय जॉन हॉलैंड 14 सालों से विक्टोरिया क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आ रहे थे।
जॉन हॉलैंड को लेकर बात करते हुए डेविड हसी ने कहा, ‘कॉन्ट्रैक्ट की प्रक्रिया में हमेशा मुश्किल फैसले होते हैं। मैं सभी खिलाड़ियों को धन्यवाद कहना चाहूंगा जो विक्टोरियन क्रिकेट टीम से विदा ले रहे हैं। जॉन हॉलैंड और ऐरोन फिंच जिन्होंने विक्टोरिया की सफलता में बड़ा योगदान दिया है। वह दोनों ही विक्टोरियन क्रिकेट के इस युग में विशेष स्थान रखते हैं।’