IPL 2023: ‘मैंने वापसी जरूर की है, लेकिन मैं पूरी तरह फिट नहीं हूं’- दीपक चाहर
10 मई को दिल्ली के खिलाफ मैच में 3 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट निकाले थे चाहर ने
अद्यतन - मई 11, 2023 5:36 अपराह्न

आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उन्होंने इंजरी के बाद वापसी जरूर की है, लेकिन वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। गौरतलब है कि 10 मई, बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में चेन्नई को जीत दिलाने में दीपक चाहर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मैच में चाहर ने 168 रनों का पीछा कर रही दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वाॅर्नर (0) और इनफाॅर्म विकेटकीपर बल्लेबाज फिल साल्ट (17) को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। बता दें कि चाहर ने दिल्ली के खिलाफ फेंके गए 3 ओवर में 9.30 की इकोनाॅमी से रन गंवाते हुए 2 विकेट हासिल किए थे।
बता दें कि चोट के बाद सीएसके की ओर से पिछले कुछ मैच में खेलते हुए नजर आ रहे दीपक चाहर, इससे पहले 8 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे, और इसके बाद उन्हें इस दौरान कई मैचों से बाहर बैठना पड़ा था। लेकिन अब दीपक ने दिल्ली के खिलाफ मैच के बाद बड़ा बयान दिया है।
चाहर ने अपनी इंजरी को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 27 रनों से मिली जीत के बाद प्रसारणकर्ताओं से बातचीत करते हुए दीपक चाहर ने कहा- चोटों के साथ हमेशा बहुत मुश्किल होती है। जब भी आप चोटिल होते हैं तो जीरो से आपकी शुरूआत होती है। मैं अभी भी अपना 100 प्रतिशत नहीं दे पा रहा हूं, लेकिन टीम में अपना योगदान देने की कोशिश कर रहा हूं।
चाहर ने चेन्नई के स्लो विकेट को लेकर कहा- पिच धीमी थी, लेकिन गेंद अच्छी तरह से स्विंग कर रही थी। मेरी इसको लेकर माही भाई से बातचीत हुई तो उन्होंने कहा है कि अगर विकेट स्लो है तो आपको तेज गेंदबाजी के बजाए स्लो और स्विंग गेंदबाजी करने की जरूरत है। बल्लेबाजों को पावरप्ले में बाउंड्री लगाना मुश्किल होता है।