एशेज 2023 के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले ही हिम्मत हार गए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा!
उस्मान ख्वाजा ने कहा जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड बेहद शानदार गेंदबाज हैं।
अद्यतन - मई 15, 2023 4:07 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के लिए आगामी टेस्ट सीजन बहुत व्यस्त रहने वाला है, क्योंकि कंगारूओं की टोली इस महीने के अंत में भारत के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 फाइनल और पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड रवाना होने वाली है।
आगामी इंग्लैंड दौरे से पहले, ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी पिछली एशेज सीरीज की यादें ताजा करते हुए बताया कि ब्रिटेन टॉप आर्डर के बल्लेबाजों के लिए बल्लेबाजी करने के लिए बहुत मुश्किल जगह है। आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच WTC 2023 फाइनल 7 जून से लंदन के द ओवल में खेला जाएगा, जबकि प्रतीक्षित एशेज का आगाज 16 जून से होगा।
इंग्लैंड के दौरे पर बहुत कम उम्मीदों के साथ जाना चाहिए: उस्मान ख्वाजा
उस्मान ख्वाजा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि इंग्लैंड शीर्ष तीन बल्लेबाजों के लिए बल्लेबाजी करने के लिए दुनिया की सबसे कठिन जगह है। मैंने साल 2013 में इंग्लैंड का दौरा किया था, और तब मैं काफी युवा था और अगर मैं ईमानदारी से कहूं तो वो बेहद ही बकवास दौरा था। मैंने उस दौरे से बहुत कुछ सीखा। मैंने इंग्लैंड में आखिरी सीरीज 2019 में खेली, जो बल्लेबाजों के लिए बहुत कठिन सीरीज थी। उस पूरे दौरे पर स्टीव स्मिथ के अलावा बाकी सब फेल फ्लॉप थे।
अगर मैंने कुछ सीखा है, तो वह है कड़ी मेहनत करना, कड़ी ट्रेनिंग करना और इंग्लैंड दौरे पर कम उम्मीदों के साथ जाना। आप एक बल्लेबाज के रूप में विफल होने जा रहे हैं, लेकिन जब आप स्कोर करते हैं, तो आप जितना हो सके उतना रन बटोरने की कोशिश करते हैं।”
इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाजों के बारे में बात करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा, “एंडरसन और ब्रॉड बेहद शानदार गेंदबाज हैं, और शुरुआत में आपसे कड़ी मेहनत करवाते हैं। जब आप रन बनाते हैं और आप एक विजेता टीम में योगदान देते हैं, तो यह बहुत शानदार हो जाता है, जो उम्मीद है कि मैं आगमी इंग्लैंड के दौरे पर करूंगा। जब आप इंग्लैंड में ब्रॉड और एंडरसन जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ रन बनाते हैं, और टीम की जीत में योगदान देते हैं तो यह काफी संतोषजनक होता है।”