जेस जोनासेन आगामी महिला एशेज 2023 और भारत दौरे को लेकर हैं बेहद उत्साहित - क्रिकट्रैकर हिंदी

जेस जोनासेन आगामी महिला एशेज 2023 और भारत दौरे को लेकर हैं बेहद उत्साहित

जेस जोनासेन टी-20 लीग के बजाय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता देना चाहती हैं।

Jess Jonassen. (Image Source: Getty Images)
Jess Jonassen. (Image Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की बायें-हाथ की स्पिनर जेस जोनासेन ने कहा वह अगले महीने होने वाली महिला एशेज 2023 सीरीज और क्रिसमस के बाद भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट को लेकर बेहद उत्साहित है। वह स्पिन के अनुकूल विकेटों पर गेंदबाजी करने के लिए खुद को तैयार कर रही हैं।

30-वर्षीय स्पिनर ने अपने करियर में अब तक केवल चार टेस्ट खेले हैं, और वो भी सभी इंग्लैंड के खिलाफ, जहां उन्होंने छह विकेट लिए हैं। उन्होंने कहा महिला टीमें टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए बहुत उत्साहित रहती है। उन्होंने आगे महिला एशेज टेस्ट में एक एक्स्ट्रा दिन जोड़े जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की, क्योंकि इससे किसी दिन अगर मौसम खेल में बाधा डालता है, तो परिणाम प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

मैं भारत में गेंदबाजी करने के लिए बेताब हूं: जेस जोनासेन

जेस जोनासेन ने cricket.com.au के हवाले से कहा: “हमें जब भी टेस्ट मैच खेलने का मौका मिलता है, हमें बहुत खुशी होती। हम हमेशा टेस्ट मैच खेलने के अवसर ढूंढते रहते हैं। पिछले कुछ वर्षों में हमें बहुत कम टेस्ट क्रिकेट मैच खेलने को मिले हैं। मुझे लगता है कि एशेज टेस्ट के लिए एक एक्स्ट्रा दिन होना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है, क्योंकि हम इसे पाने के लिए तरस गए थे। यूके में इस समय गीला मौसम होता है, तो एक्स्ट्रा दिन होने से हमें अधिक परिणाम देने के अवसर मिलेंगे।”

जोनासेन ने इस साल दिसंबर में भारत में एक टेस्ट मैच खेलने को लेकर अपना उत्साह शेयर किया है। ऑस्ट्रेलियाई स्टार ने कहा: “मैं बतौर एक स्पिन गेंदबाज भारत में टेस्ट मैच खेलने के लिए बहुत उत्सुक हूं। वहां की परिस्थितियां थोड़ी अनजान होगी, लेकिन मैंने बहुत सारे पुरुषों के टेस्ट मैच देखे हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वहां स्पिनरों का दबदबा होगा, और मैं वहां गेंदबाजी करने के लिए बेताब हूं।”

आपको बता दें, जेस जोनासेन आगामी घरेलू समर में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल के सभी प्रारूपों में 200 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने जा रही है। इस उपलब्धि पर बात करते हुए ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने कहा कि जब तक संभव हो, वह अपने क्रिकेट का आनंद लेना चाहती हैं। जोनासेन ने अंत में कहा कि वह टी-20 लीग के बजाय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता देना चाहती हैं।

close whatsapp