शॉन पॉलक ने गुजरात टाइटंस को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा वो IPL की मैनचेस्टर सिटी हैं
गुजरात टाइटंस ने लीग मुकाबलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और कुल 14 मुकाबलों में 10 में जीत दर्ज की जबकि 4 में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - May 23, 2023 3:35 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में गत विजेता गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वो पहली टीम थी जिन्होंने इस सीजन के प्लेऑफ में क्वालीफाई किया है। उन्होंने लीग मुकाबलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और कुल 14 मुकाबलों में 10 में जीत दर्ज की जबकि 4 में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
अब गुजरात टाइटंस को आज यानी 23 मई को चेन्नई के एम.ए.चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ क्वालीफायर 1 का मुकाबला खेलना है। हालांकि इस मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज शॉन पॉलक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने गुजरात टाइटंस को IPL का मैनचेस्टर सिटी कहा है।
बता दें, मैनचेस्टर सिटी इंग्लिश फुटबॉल क्लब है जो प्रीमियर लीग में लगातार काफी अच्छा प्रदर्शन करती है। शॉन पॉलक की मानें तो दोनों टीमों में काफी समानता है।
गुजरात टाइटंस सिर्फ जीत नहीं रहे है बल्कि वो स्टाइल के साथ मुकाबला अपने नाम कर रहे है: शॉन पॉलक
क्रिकबज के साथ बातचीत के दौरान शॉन पॉलक ने कहा कि, ‘हमें गुजरात टाइटंस के प्रदर्शन को देखकर उन्हें IPL की मैनचेस्टर सिटी कहना पड़ेगा। आप उनका नेट रन रेट देखें। वो सिर्फ जीत नहीं रहे हैं बल्कि स्टाइल से मुकाबले अपने नाम कर रहे हैं। उनके अंदर काफी आत्मविश्वास होगा। अब टूर्नामेंट का सबसे महत्वपूर्ण समय आ गया है। आप देखें पिछले 10 दिनों में उन्होंने पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया था और उनके ऊपर बिल्कुल भी दबाव देखने को नहीं मिला है।
उन्होंने एक भी करो या मरो मुकाबला नहीं खेला। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और ऐसा ही हमने पिछले संस्करण में भी देखा था। मैं गुजरात टाइटंस के प्रदर्शन से सच में बहुत खुश हूं।’
बता दें, आज क्वालीफायर 1 मुकाबला खेला जाना है और अगर गुजरात टाइटंस इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को मात दे देते हैं तो वो सीधा इस सीजन के फाइनल में अपनी जगह बना लेंगे।