IPL में युवा खिलाड़ियों को अच्छा पैसा मिलता है इसीलिए उनके अंदर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने का साहस देखने को मिलता है: दीपक चाहर
हाल ही में तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने इस बात का खुलासा किया कि कैसे इंडियन प्रीमियर लीग की वजह से खिलाड़ियों के अंदर भी आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।
अद्यतन - May 27, 2023 5:31 pm

इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले कुछ संस्करणों में ऐसा देखा गया है कि कई बेहतरीन युवा खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की और फिर भारतीय टीम की ओर से भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया।
ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन सहित ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो आज भारतीय टीम के सबसे मजबूत पहलू हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी छाप छोड़ी है। हाल ही में तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने इस बात का खुलासा किया कि कैसे इंडियन प्रीमियर लीग की वजह से खिलाड़ियों के अंदर भी आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।
दीपक चाहर ने ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस के लेटेस्ट एपिसोड में कहा कि, ‘इंडियन प्रीमियर लीग ने भारतीय टीम को कई खिलाड़ी दिए हैं। यह सच में काफी अच्छा प्लेटफार्म है। आप 40000-5000 लोगों के बीच मुकाबले खेलते हैं और उसका दबाव आपके ऊपर जरूर होता है। सब लोग इस दबाव को अच्छी तरह से नहीं हैंडल कर पाते हैं।
जो भी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे होते हैं उन्हें यह बात पता होती है कि भारत के लिए भी आपको खेलना पड़ सकता है और उसका दबाव काफी अलग होता है। हालांकि इससे खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिलता है।’
आज के समय के खिलाड़ियों को भारत के लिए खेलने से पहले किसी भी तरह की पैसों की परेशानी नहीं होती है: दीपक चाहर
दीपक चाहर ने आगे कहा कि, ‘आज के समय में खिलाड़ियों को भारत के लिए खेलने से पहले किसी भी तरह की पैसों की समस्या नहीं होती है। ऐसा इसलिए क्यूंकि उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में काफी अच्छा पैसा मिलता है। यही वजह है कि ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली गेंद पर छक्का जड़ देते हैं। पहली गेंद पर छक्का जड़ना हर खिलाड़ी के बस की बात नहीं है। उन्हें यह बात पता होती है कि एक गेंद कुछ नहीं होती बस उनके पास टैलेंट है और उन्हें पैसा कमाना है।’
बता दें, दीपक चाहर इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन के फाइनल में पहुंच चुकी है और अब उन्हें 28 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल खेलना है। दीपक चाहर ने अभी तक इस सीजन में 9 मुकाबलों में 12 विकेट झटके हैं और तमाम प्रशंसक यही दुआ कर रहे होंगे कि फाइनल में भी वो बेहतरीन गेंदबाजी करें।