आईपीएल 2023: एमएस धोनी ने फाइनल में अपने फैन सुनील गावस्कर को किया निराश!
एमएस धोनी आईपीएल 2023 के फाइनल में गोल्डन डक पर आउट हुए।
अद्यतन - मई 31, 2023 10:45 पूर्वाह्न

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान एमएस धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सोलहवें संस्करण का अंत हेलीकाप्टर स्टाइल में किया। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने महान क्रिकेटर की कप्तानी में आईपीएल 2023 के फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को पांच विकेट से हराकर अपना रिकॉर्ड पांचवां खिताब जीता।
एमएस धोनी ने फाइनल में न केवल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आईपीएल ट्रॉफी दिलाई, बल्कि अपने रिटायरमेंट को लेकर दो महीने से चली आ रही सभी अटकलों पर विराम भी लगाया। उन्होंने कहा वह अभी रिटायर नहीं हो रहे हैं, और इसका फैसला वह 6-7 महीनो बात लेंगे।
धोनी को फाइनल में शून्य पर आउट होने का नहीं होगा मलाल
इस बीच, सभी के चहेते माही ने पूरे सीजन में लगभग हर मैच में अपने चौकों और छक्कों से फैंस का मनोरंजन किया, लेकिन वो गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ ऐसा करने में विफल रहे। जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को जीत के लिए 14 गेंदों में 22 रनों की जरुरत थी, तब फैंस को उम्मीद थी कि माही मैच फिनिश करेंगे, लेकिन CSK के कप्तान गोल्डन डक पर आउट हो गए और अंत में रवींद्र जडेजा ने चेन्नई के लिए मैच फिनिश किया।
आईपीएल 2023 के फाइनल में CSK के कप्तान को मोहित शर्मा के खिलाफ गोल्डन डक के लिए शॉर्ट कवर पर पकड़े जाने को लेकर भारत के महान क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने कहा कि अगर उन्होंने अपनी टीम के लिए विजयी रन बनाए होते, तो सभी को मजा आ जाना था।
सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स तक के हवाले से कहा अगर धोनी मैच फिनिश करते तो मजा आ जाता, लेकिन वह एक टीम-मैन होने के नाते बहुत खुश होंगे। वह भले ही पहली गेंद पर आउट हो गए हों, लेकिन उनकी टीम ने खिताब जीता और अंत में यही मायने रखता है। आप चाहे शतक लगाएं, पांच विकेट लें और अगर आपकी टीम हार जाती है, तो कोई मजा नहीं है। लेकिन अगर आप शून्य स्कोर करते हैं और आपकी टीम जीत जाती है, तो यह बहुत बड़ी बात है।