जिमी एडम्स के कार्यकाल के समापन के साथ CWI ने शुरू की नए क्रिकेट निदेशक की तलाश - क्रिकट्रैकर हिंदी

जिमी एडम्स के कार्यकाल के समापन के साथ CWI ने शुरू की नए क्रिकेट निदेशक की तलाश

CWI ने जिमी एडम्स के तहत एंटीगुआ में कूलिज क्रिकेट ग्राउंड (CCG) में अपनी अकादमी का शुभारंभ किया।

Jimmy Adams. (Image Source: CWI)
Jimmy Adams. (Image Source: CWI)

क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने अपने नए क्रिकेट निदेशक की तलाश शुरू कर दी है, क्योंकि जिमी एडम्स का कार्यकाल CWI के क्रिकेट निदेशक के रूप में इस महीने जून में समाप्त हो रहा है। CWI ने आवेदकों के लिए 14 जून तक की समय सीमा निर्धारित की है।

आपको बता दें, वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान एडम्स, जिन्होंने 54 टेस्ट और 127 ODI मैच खेले, ने जनवरी 2017 में क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) के क्रिकेट निदेशक के रूप में रिचर्ड पायबस की जगह ली थी, और लगभग साढ़े छह साल तक यह भूमिका निभाई। जिमी एडम्स ने अपने कार्यकाल के दौरान कई सराहनीय काम किए, जैसे महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग की शुरुआत, महिलाओं और युवा टीमों के लिए अलग-अलग चयन पैनल गठित किया।

CWI क्रिकेट के निदेशक के रूप में जिमी एडम्स से हो रहा है अलग

इसके अलावा, एडम्स ने अपने कार्यकाल में कोच शिक्षा और विकास, खेल विज्ञान और चिकित्सा के संबंध में उच्च-प्रदर्शन संरचना को बदल दिया। CWI ने एडम्स के तहत एंटीगुआ में कूलिज क्रिकेट ग्राउंड (CCG) में अपनी अकादमी का भी शुभारंभ किया। हालांकि, इन सब के बावजूद वेस्टइंडीज मैदान पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई।

जिमी एडम्स ने आधिकारिक बयान में कहा, ‘मेरे लिए CWI के जारी विकास में शामिल होना एक सम्मान की बात रही है। मुझे CWI में कुछ बेहद शानदार लोगों के साथ काम करने का सौभाग्य मिला और पिछले साढ़े छह वर्षों में उन्होंने मेरा जो सपोर्ट किया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं आगे की यात्रा के लिए सभी को शुभकामनाएं देता हूं, खासकर क्षेत्रीय और विश्व स्तर पर मौजूद विभिन्न चुनौतियों के लिए।’

CWI के CEO जॉनी ग्रेव ने कहा: ‘जिमी ने पिछले साढ़े छह वर्षों में जो नेतृत्व और योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके बेहद आभारी हैं। मुझे कोई संदेह नहीं है कि जिमी खेल में योगदान देना जारी रखेंगे, खासकर वेस्टइंडीज क्रिकेट में।’

close whatsapp