टी-20 क्रिकेट बहुत ही सरल खेल है, इसे लोगों ने मुश्किल बना रखा है: मेसन क्रेन - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 क्रिकेट बहुत ही सरल खेल है, इसे लोगों ने मुश्किल बना रखा है: मेसन क्रेन

अभी तक इस सीजन में हैम्पशायर ने तीन मुकाबलों में 1 में जीत दर्ज की है जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

Mason Crane (Pic Source-Twitter)
Mason Crane (Pic Source-Twitter)

3 जून को टी-20 ब्लास्ट 2023 में हैम्पशायर और ससेक्स के बीच मुकाबला खेला जाना है। यह मुकाबला साउथैम्पटन के द रोज बॉल में खेला जाएगा। इस बेहतरीन मैच से पहले हैम्पशायर के शानदार स्पिनर मेसन क्रेन ने टी-20 क्रिकेट को लेकर अपना पक्ष रखा है।

मेसन क्रेन ने इस बात का खुलासा किया कि उन्हें ‘द रोज बॉल’ में खेलना काफी अच्छा लगता है और यहां पर दर्शक भी अपनी टीम का काफी समर्थन करते हैं जो बाकी मुकाबलों से काफी अलग है। क्रेन के मुताबिक अपने घर में टीम अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं और साथ ही वो लगातार मुकाबला जीतना चाहते हैं।

द न्यूज के मुताबिक मेसन क्रेन ने कहा कि, ‘इतना अच्छा क्राउड (Crowd) होना सच में बहुत बदलाव लाता है। द रोज बॉल में टी-20 में मेरी यादें यही रही हैं कि बाद में गेंदबाजी करना और स्कोर को डिफेंड करना। जैसे ही कुछ डॉट गेंदें होती हैं सभी दर्शक खड़े हो जाते हैं और तब दबाव बढ़ने लगता है और इससे काफी फर्क देखने को मिलता है। हम इस सीजन में अपने घर को एक किला बनाना चाहते हैं जैसे हमने पिछले कुछ सालों में किया है।’

सभी लोगों ने यहां शेन वॉर्न बनने की कोशिश की है: मेसन क्रेन

क्रेन की मानें तो लोगों ने सबसे छोटे प्रारूप को काफी मुश्किल बना दिया है। उन्होंने आगे कहा कि, ‘टी-20 क्रिकेट बहुत ही साधारण खेल है और लोगों ने इसको जटिल बना दिया है। मेरे लिए यही सबसे बड़ी बात है कि चीजों को आसानी से आगे ले जाना। मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह रही कि मैं दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न के साथ थोड़ा समय बिता पाया।

मुझे लगता है कि जिस उम्र का मैं हूं उस उम्र के लेग स्पिनर उनकी तरह ही बनने की कोशिश करते हैं। अपने गार्डन में सभी ने शेन वॉर्न बनने की कोशिश की है।’

बता दें, अभी तक इस सीजन में हैम्पशायर ने तीन मुकाबलों में 1 में जीत दर्ज की है जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम इस समय अपनी अंक तालिका में 8वें पायदान पर है।

close whatsapp