WTC 2023 Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी जंग के लिए, कुछ ऐसे तैयार किया गया द ओवल का मैदान
WTC 2023 फाइनल 7 जून से लंदन के द ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है।
अद्यतन - Jun 7, 2023 1:04 pm

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल के आगाज में अब केवल कुछ ही घंटे शेष रह गए हैं, ऐसे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) इस बहुप्रतीक्षित महामुकाबले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट देते हुए क्रिकेट फैंस के उत्साह को और बढ़ा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) लगातार अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर WTC 2023 फाइनल से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी शेयर कर रहा है, जिसने इस मैच के लिए फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है, जो 7 जून से लंदन के द ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है।
दरअसल, ICC ने WTC 2023 फाइनल के शुरू होने के कुछ ही घंटो पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जहां द ओवल में इस महामुकाबले की तैयारियों को दिखाया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टाफ हर तरह से अपनी तैयारी को फाइनल टच दे चुके हैं, बस मौसम इस मैच के रोमांच पर पानी न फेर दें। इस वीडियो में पिच पर बहुत घास नजर आ रही है, वहीं बारिश से बचने के लिए पिच को ढका जा रहा है, वहीं स्टेडियम के अंदर की सफाई भी दिखाई गई है।
यहां देखिए वो वीडियो –
अगर द ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के मैचों की बात करे, तो टीम इंडिया ने अब तक इस मैदान पर 14 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 2 जीते, 3 हारे और 7 मैच ड्रॉ रहे। भारत ने द ओवल में आखिरी बार साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ 157 रनों की जीत दर्ज की थी।
वहीं दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने द ओवल में अब तक कुल 34 मैच खेले हैं, जिसमें 7 जीते, 17 हारे और 14 मैच ड्रॉ रहे। ऑस्ट्रेलिया को द ओवल में आखिरी बार साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 137 रनों की हार झेलनी पड़ी थी। आपको बता दें, द ओवल आमतौर पर पिछले 10 वर्षों में स्कोर करने के लिए बहुत अच्छा मैदान रहा है।