ENG vs AUS: MCC के सदस्य से भिड़े उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर, जमकर हुआ बवाल, देखें वीडियो
लॉर्ड्स टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 43 रनों से जीत दर्ज की।
अद्यतन - जुलाई 2, 2023 9:46 अपराह्न

एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 43 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड 371 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 327 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा MCC के एक सदस्य से उलझ गए। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को बीच में आकर मामले को सुलझाना पड़ा।
दर्शक से ही उलझ पड़े उस्मान ख्वाजा
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पांचवें दिन के पहले सेशन के बाद खिलाड़ी लॉन्ग रूम की तरफ जा रहे थे। लेकिन तभी एक सदस्य ने उस्मान ख्वाजा को रोका और उनके साथ बातचीत करने लगे। हालांकि वह बात थोड़े देर में ही एक बहस के रूप में बदल गई। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को बीच में घुसना पड़ा और उन्होंने उस्मान ख्वाजा, डेविड वॉर्नर और उस शख्स को अलग किया।
यहां देखें लॉन्ग रूम का वो वीडियो-
You know it’s bad when the long room turns into millwall away #Ashes23 pic.twitter.com/gdaKCj8s54
— Josh Halliday (@JoshHalliday) July 2, 2023
लॉन्ग रूम में घटी घटना का कारण तो अब तक सामने नहीं आया है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह जॉनी बेयरस्टो के विकेट से जुड़ा हुआ है। आपको बता दें पांचवें दिन के पहले सेशन में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने जॉनी बेयरस्टो को रन आउट किया था। गेंद को छोड़ने के बाद जॉनी बेयरस्टो नॉन स्ट्राइकर पर तैनात कप्तान बेन स्टोक्स से बात करने जा रहे थे। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम सोशल मीडिया पर बहुत ट्रोल भी हो रही है।
स्टेडियम में फैंस ”Same old Aussies, always cheating” ‘वहीं पुराने ऑस्ट्रेलियाई जो हमेशा चीटिंग करते हैं।’ इस प्रकार का चैंट भी करते हुए नजर आए थे। इंग्लिश ब्रॉडकास्टर पियर्स मॉर्गन ने भी ऑस्ट्रेलिया की इस हरकत पर गुस्सा जाहिर किया है। पियर्स मॉर्गन ने ट्वीटर पर लिखा, ‘आप गंभीर नहीं हो सकते??!! ऑस्ट्रेलिया यह दयनीय है। आप इस तरह से एशेज टेस्ट मैच कैसे जीतना चाह सकते हैं?’
यह भी पढ़े- ENG vs AUS: काम ना आया बेन स्टोक्स का शतक, ऑस्ट्रेलिया ने लॉर्ड्स टेस्ट में 43 रनों से दर्ज की धमाकेदार जीत
वहीं बात मैच की करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में स्टीव स्मिथ के (110 रन) की पारी के बल पर 416 रन बोर्ड पर लगाए थे। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 325 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया 279 रनों पर ऑलआउट हो गई और इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 214 गेंदो में 155 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।