‘हम उन नामों को दोबारा देखेंगे’- कोहली और रोहित को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 टीम में ना चुने जाने पर डिविलियर्स
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से कोहली और रोहित ने भारतीय टीम के लिए नहीं खेला है टी-20 क्रिकेट
अद्यतन - जुलाई 13, 2023 7:57 अपराह्न

भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम से इन दिनों बाहर चल रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान व दिग्गज क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने बड़ा बयान दिया है। डिविलियर्स का कहना है कि दोनों जल्द ही टी-20 टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।
गौरतलब है कि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से रोहित शर्मा और विराट कोहली को बीसीसीआई द्वारा किसी भी टी-20 सीरीज में नहीं चुना गया है। वेस्टइंडीज दौरे पर पांच मैचों की टी-20 सीरीज में ना चुने जाने से पहले दोनों को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज में भी नजरअंदाज किया गया था। लेकिन इस सब के बीच डिविलियर्स का कुछ और ही कहना है।
डिविलियर्स ने कोहली और रोहित को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि पूर्व भारतीय व वर्तमान कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में ना चुने जाने पर एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर बड़ा बयान दिया है। डिविलियर्स ने कहा- ना विराट कोहली, ना रोहित शर्मा, मुझे लगता है कि यह नई लुक वाली भारतीय टी-20 टीम है, लेकिन कौन जानता है कि कौन खिलाड़ी किस सीरीज के लिए है? या वर्ल्ड कप के लिए?
डिविलियर्स ने आगे कहा- हम उन (विराट कोहली और रोहित शर्मा) नामों को फिर से देखेंगे, लेकिन मुझे देखकर अच्छा लगा कि भारतीय टीम थोड़ी सक्रिय है और उन युवाओं को यह दिखाने का मौका दे रही है कि उनकी क्षमता क्या है।
दूसरी ओर आपको आईपीएल में 2023 में विराट कोहली के प्रदर्शन के बारे में जानकारी दें तो उन्होंने 14 मैचों में 2 शतकों की मदद से कुल 639 रन बनाए थे, तो वहीं रोहित शर्मा का यह सीजन थोड़ा सुस्त रहा था, वह इस सीजन 16 मैचों में सिर्फ 332 रन ही बना पाए थे। खैर, अब देखने लायक बात होगी कि भारतीय टी-20 टीम से कोहली और रोहित कब खेलते हुए नजर आते हैं?