मिस्बाह-उल-हक ने किया बड़ा खुलासा, बताया PCB की ओर से मुख्य कोच के लिए नहीं आया कोई ऑफर
मिस्बाह-उल-हक पाकिस्तान टीम के मुख्य कोच 2019 से 2021 तक रहे थे।
अद्यतन - जुलाई 14, 2023 10:27 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक ने उन रिपोर्ट का खंडन किया है जिनमें ऐसा कहा गया था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर से राष्ट्रीय टीम के कोच पद के लिए उनसे संपर्क किया है। बता दें, मिस्बाह-उल-हक पाकिस्तान टीम के मुख्य कोच 2019 से 2021 तक रहे थे।
ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2021 से ठीक पहले उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि हालिया समय में ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही थी कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य कोच के रूप में उनसे फिर से मुलाकात की है लेकिन पूर्व कप्तान ने इसका खंडन किया और साथ ही यह भी कहा कि अगर औपचारिक रूप से बोर्ड उनसे संपर्क करता है तो वो इसपर जरूर विचार करेंगे।
क्रिकेट पाकिस्तान के मुताबिक मिस्बाह-उल-हक ने कहा कि, ‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अभी तक मेरी कोई बातचीत नहीं हुई है। जब वो इस चीज को लेकर मेरे से मुलाकात करेंगे तभी मैं इसके बारे में बता पाऊंगा। पहले ही मैंने कई लोगों को अपनी जबान दे रखी है फिर चाहे वो लीग से संबंधित हो या टेलीविजन चैनल से। मेरे लिए पाकिस्तान टीम में इस भूमिका को तुरंत अपनाने में थोड़ी मुश्किल जरूर होगी। पहले मैं यह देख लूंगा कि मुझे कौनसी भूमिका दी जा रही है और क्या मैं उसको अच्छी तरह से निभा पाऊंगा या नहीं।’
मिस्बाह-उल-हक मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं
बता दें, मिस्बाह-उल-हक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 30वें हेड कोच थे। उन्होंने 2019 से 2020 के बीच मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी कार्य किया। मिस्बाह-उल-हक पाकिस्तान की ओर से 75 टेस्ट, 162 वनडे और 39 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2009 की विजेता पाकिस्तान टीम का भी वो हिस्सा रहे थे। यही नहीं मिस्बाह-उल-हक की कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने 2016 में टेस्ट क्रिकेट में पहला पायदान हासिल किया था।
इस समय पाकिस्तान टीम श्रीलंका दौरे पर है जहां वो मेजबान के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलेगी जिसकी शुरुआत 16 जुलाई से हो रही है। पहला टेस्ट गाले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र 2023-25 की पहली सीरीज होगी। इस टेस्ट सीरीज के अलावा पाकिस्तान टीम को इस साल एशिया कप 2023 और वनडे वर्ल्ड कप भी खेलना है। वनडे वर्ल्ड कप भारत में अक्टूबर-नवंबर महीने में खेला जाएगा।