WI vs IND: ईशान किशन के आउट होने के तरीके से नाखुश है जहीर खान - क्रिकट्रैकर हिंदी

WI vs IND: ईशान किशन के आउट होने के तरीके से नाखुश है जहीर खान

इस दूसरे टेस्ट मुकाबले में भी भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी ईशान किशन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और तेजी से रन बनाने की वजह से वो 35 गेंदों में चार चौकों की मदद से मात्र 25 रन ही बना पाए।

Ishan Kishan and Zaheer Khan (Pic Source-Twitter)
Ishan Kishan and Zaheer Khan (Pic Source-Twitter)

इस समय वेस्टइंडीज और भारत के बीच त्रिनिदाद में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस दूसरे टेस्ट मुकाबले में भी भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी ईशान किशन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और तेजी से रन बनाने की वजह से वो 35 गेंदों में चार चौकों की मदद से मात्र 25 रन ही बना पाए। जहीर खान उनके आउट होने के रवैए से काफी निराश हैं।

जिओसिनेमा में भारतीय पारी का रिव्यू करते हुए जब जहीर खान से ईशान किशन के विकेट को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, ‘उन्होंने अपनी पारी की काफी अच्छी तरह से शुरुआत की। वो खुद इस बात से काफी निराश होंगे कि वो 30 से 40 गेंदें खेल चुके थे और 25 रन भी बना चुके थे लेकिन उसके बाद भी वो बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। टेस्ट मुकाबले में अगर आप शुरुआत में आउट हो जाते हैं तो इससे कोई भी परेशानी नहीं होती है।’

जहीर खान ने आगे कहा कि, ‘लेकिन अगर आप ऐसे आउट होते हैं खासतौर पर टी-20 या वनडे क्रिकेट में ऐसे शॉट खेलते हुए तो आपको काफी बुरा लगता है और किशन भी इस बात से काफी नाखुश होंगे।’

रविचंद्रन अश्विन की पारी की जहीर खान ने की जमकर प्रशंसा

पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने रविचंद्रन अश्विन को लेकर कहा कि, ‘रविचंद्रन अश्विन ने सच में काफी धैर्य के साथ काफी अच्छी पारी खेली क्योंकि उस समय जितने ज्यादा रन बनाएंगे उतना ज्यादा टीम के लिए अच्छा होगा। उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की जिसकी वजह से भारतीय टीम 400 रनों का आंकड़ा पार कर पाई। अश्विन के साथ सबसे अच्छी बात यह थी कि उन्हें पता था कि उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा मदद नहीं मिलेगी और इसीलिए वो तेजी से रन बनाने को देख रहे थे।’

भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 438 रन बनाए थे। टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 206 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 121 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। उनके अलावा रोहित शर्मा ने 143 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 80 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल ने 74 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। रविचंद्रन अश्विन की बात की जाए तो उन्होंने 78 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाए। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 1 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं।

close whatsapp