‘हमें उम्मीद है कि वह विश्व कप से पहले खेलेंगे’- बुमराह की वापसी को लेकर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
सितंबर 2022 में चोटिल होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं बुमराह
अद्यतन - जुलाई 27, 2023 4:13 अपराह्न

बैक इंजरी के कारण काफी समय से अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं। बता दें कि वह आखिरी बार पिछले साल सितंबर में खेलते हुए नजर आए थे। तो वहीं भारतीय टीम को बुमराह की कमी पहले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 और उसके बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में खली थी।
बुमराह को लेकर हाल में मीडिया में कुछ खबरें आई थी कि वह भारत के आयरलैंड दौरे पर टीम में वापसी कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस समय बुमराह एनसीए में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और हाल में ही उन्हें नेट्स में गेंदबाजी करते हुए देखा गया था।
दूसरी ओर अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने जसप्रीत बुमराह के इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। रोहित का कहना है कि हमें उम्मीद है कि वह विश्व कप से पहले खेलेंगे।
बुमराह को लेकर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ बारबाडोस में 27 जुलाई को शुरू होने वाले पहले वनडे मैच से पहले रोहित शर्मा जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है। रोहित ने बुमराह को लेकर कहा- वह (जसप्रीत बुमराह) टीम में आने से जितना अनुभव लाता है वह काफी महत्वपूर्ण बात है। फिलहाल वह एक गंभीर चोट से उबर रहे हैं और मुझे नहीं पता कि वह आयरलैंड दौरे पर टीम के साथ जाएंगे या नहीं, क्योंकि अभी तक टीम की घोषणा नहीं हुई है।
रोहित ने आगे कहा- अगर उसे खेलने का मौका मिलता है, तो यह अच्छी बात है। और हमें उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने लग जाएंगे। मैच फिटनेस और मैच फीलिंग एक अलग चीज होती है, जो गायब है। हम एनसीए के लगातार संपर्क में हैं और इस समय चीजें काफी पाॅजिटिव हैं।