भारत में 'बैजबॉल' का कोई मतलब नहीं, यह बस इंग्लैंड में ही काम करेगा: रविचंद्रन अश्विन - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत में ‘बैजबॉल’ का कोई मतलब नहीं, यह बस इंग्लैंड में ही काम करेगा: रविचंद्रन अश्विन

भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के 'बैजबॉल' खेल को लेकर अपना पक्ष रखा है।

R Ashwin (Photo Source: Twitter)
R Ashwin (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के ‘बैजबॉल’ खेल को लेकर अपना पक्ष रखा है। बता दें, जबसे बेन स्टोक्स को इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि टीम के मुख्य कोच के रूप में ब्रैंडन मैकुलम को चुना गया है तब से इंग्लैंड टेस्ट टीम के प्रदर्शन में काफी निखार देखने को मिला है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जबरदस्त जीत दर्ज की है।

तमाम लोग इंग्लैंड टीम के इस खेल के रवैए से काफी खुश हैं। हालांकि भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की मानें तो भारत में यह रवैया बिल्कुल भी काम नहीं करेगा क्योंकि इंग्लैंड टीम के सभी लोग अपने खिलाड़ियों का काफी साथ देते हैं और साथ ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के खेलने के तरीके में काफी मुश्किल परिस्थितियों का भी सामना करना पड़ता है।

रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि, ‘यही हमारा हमेशा से खेलने का तरीका रहा है। हम कभी किसी दूसरे के खेल के तरीके को कॉपी नहीं करते हैं। वो उनके खेलने का तरीका है और हमारे खेलने का तरीका काफी अलग है। साथ ही इंग्लिश खिलाड़ियों को उनकी टीम मैनेजमेंट, चयनकर्ता और दर्शकों का साथ भी मिलता है और इसी वजह से उनका यह खेल काफी सकारात्मक रहा है।’

अश्विन ने आगे कहा कि, ‘इंग्लिश टीम के चयनकर्ता उनको हमेशा सपोर्ट करते हैं और उनके इस खेल का रिजल्ट भी काफी अच्छा रहा है। भारत में ऐसा शायद ही देखने को मिलेगा।’

फैंस को रोहित शर्मा की टीम का पूरा सपोर्ट करना चाहिए: रविचंद्रन अश्विन

इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और इसी को लेकर रविचंद्रन अश्विन ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि, ‘मैं सिर्फ यह चाहता हूं कि जब हम वनडे वर्ल्ड कप में खेलने के लिए उतने तब हमें अपनी टीम को पूरी सकारात्मकता के साथ भेजना चाहिए। बस यही मेरी अपील है और मुझे पूरी उम्मीद है कि तमाम दर्शक भी हमें अपना पूरा सपोर्ट देंगे।’

close whatsapp