वेस्टइंडीज से टी20 सीरीज हारना कोई शर्म की बात नहीं, इसे हमें एक चेतावनी के रूप में लेना चाहिए: सुनील गावस्कर
टेस्ट सीरीज और वनडे सीरीज हारने के बाद वेस्टइंडीज ने जोरदार वापसी की।
अद्यतन - अगस्त 16, 2023 12:01 अपराह्न

हाल ही में वेस्टइंडीज और भारत के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई जिसे मेजबान टीम ने 3-2 से अपने नाम किया। ‘मेन इन ब्लू’ ने पहले दो मैच हारने के बाद अगले दो मैच जीतकर सीरीज में शानदार वापसी की।हालांकि, सीरीज के निर्णायक मैच में, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन और रोमारियो शेफर्ड जैसे खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की वजह से विंडीज ने 8 विकेट से जीत हासिल की और सीरीज अपने नाम किया।
सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच महान सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा है कि दो बार के टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन से हारने में कोई शर्म की बात नहीं है, जिनके पास कई मैच विजेता हैं। इसके बजाय, गावस्कर का मानना है कि इस सीरीज की हार को हार्दिक पांड्या एंड कंपनी को एक चेतावनी के रूप में लेनी चाहिए।
स्पोर्टस्टार के लिए अपने कॉलम में सुनील गावस्कर ने लिखा कि, “वेस्टइंडीज से हारने के बाद हमें निराश नहीं होनी चाहिए। यह मत भूलिए कि उन्होंने दो बार आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप जीता है, और उनके खिलाड़ी आईपीएल में जिन विभिन्न फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं, उनके लिए मैच विजेता हैं। इसलिए, वे एक टॉप क्लास टी20 टीम हैं और उनसे हारना कोई शर्म की बात नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “हालांकि, यह एक चेतावनी होनी चाहिए। हम उन क्षेत्रों को देखें जहां टीम को अपना पक्ष मजबूत करने के लिए सुधार करने की आवश्यकता है। जिन प्लेयर्स को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया था, उनमें से कुछ बहुत लंबे समय तक टीम में नहीं रहेंगे, इसलिए उनके रिप्लेसमेंट को भी बहुत जल्दी ढूंढने की आवश्यकता है, क्योंकि अगला आईसीसी टी-20 विश्व कप सिर्फ एक साल दूर है।”
जब सुनील गावस्कर को हाल ही में क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब में सम्मानित किया गया
बता दें कि, सुनील गावस्कर को हाल ही में क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब, पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में दूसरे टेस्ट के दौरान वेस्टइंडीज के महान ब्रायन लारा द्वारा सम्मानित किया गया था। दूसरे टेस्ट में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 100वां टेस्ट मैच खेला गया और क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने इस विशेष अवसर को मनाने के लिए उन्हें एक मोमेंटो भेंट किया
74 वर्षीय गावस्कर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लारा के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि, त्रिनिदाद में क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब द्वारा सुंदर अभिनंदन के बाद, ‘त्रिनिदाद के प्रिंस’ ब्रायन लारा और क्यूपीसीसी के अध्यक्ष निगेल कैमाचो के साथ।’