वनडे वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने किया अपने प्रोविजनल स्क्वॉड का ऐलान, जोफ्रा आर्चर टूर्नामेंट से बाहर!
जोफ्रा आर्चर आखिरी बार आईपीएल के 16वें संस्करण में खेलते हुए नजर आए थे।
अद्यतन - अगस्त 17, 2023 9:44 पूर्वाह्न

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम में जगह बनाने में असफल रहे। इसके साथ ही वह आगामी वनडे वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की अस्थायी टीम का भी हिस्सा नहीं हैं। बता दें कि, आर्चर को आईपीएल के 16वें संस्करण के दौरान कोहनी में चोट लगी थी और उसके बाद, वह एशेज सीरीज पर ध्यान केंद्रित बीच आईपीएल में घर लौट आए थे।
हालांकि, आर्चर समय पर ठीक नहीं हो सके और एशेज सीरीज के लिए भी अपनी टीम में जगह नहीं बना सके। अब स्थिति कुछ ऐसी है कि, 28 वर्षीय खिलाड़ी वर्ल्ड कप 2023 से भी बाहर होने की कगार पर है, जो 5 अक्टूबर से भारत में शुरू होने वाला है।
जोफ्रा आर्चर को लेकर इंग्लैंड के सेलेक्टर ल्यूक राइट का हैरान करने वाला बयान
इसी बीच इंग्लैंड के मुख्य चयनकर्ता ल्यूक राइट ने पुष्टि की है कि, आर्चर काफी तेजी से रिकवर कर रहे हैं और टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में खेलते हुए दिख सकते हैं। वह रिजर्व प्लयेर के रूप में टीम के साथ रहेंगे। टीम में उनकी वापसी पूरी तरह से उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। राइट ने यह भी कहा कि टीम मैनेजमेंट शुरू से ही उन्हें टीम में शामिल करने के लिए बेताब है लेकिन वो उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए समय दे रही है।
क्रिकबज के हवाले से ल्यूक राइट ने कहा कि, जोफ के साथ देखभाल का कर्तव्य होना चाहिए। हम जानते हैं कि हम सभी उसे टीम में लाने के लिए कितने बेताब हैं – इसमें कोई संदेह नहीं है। लेकिन हमें उसके लिए उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए समय देना होगा। विश्व कप से पहले उनका इस तरह से चोटिल होना हमारे लिए काफी दुर्भाग्यपूर्ण रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, वह बहुत जल्दी आने वाला नहीं है, खासकर विश्व कप के पहले भाग के लिए। हम चाहते हैं कि वो अब इंग्लैंड के लिए लम्बे समय तक खेलें इसलिए हमें उन्हें ठीक होने के लिए पूरा समय देना होगा। मुझे उम्मीद है कि वो वर्ल्ड कप के अंतिम चरण के लिए टीम में वापस आ सकते हैं।
इस बीच, उनकी अनुपस्थिति में इंग्लैंड ने गस एटकिंसन को टीम में शामिल किया है, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं। 25 वर्षीय खिलाड़ी के पास लिस्ट ए क्रिकेट में पर्याप्त अनुभव नहीं है, लेकिन उनके फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने उनके ऊपर भरोसा जताया है।
वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की अस्थायी टीम : जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल राशिद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स.