मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा को निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बारे में सोचना चाहिए: सुनील गावस्कर
इस समय इशान किशन वनडे (ODI) क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं।
अद्यतन - अगस्त 24, 2023 5:54 अपराह्न

इन दिनों सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर काफी चर्चा हो रही है कि भारत कैसे एशिया कप और विश्व कप में फॉर्म में चल रहे इशान किशन को प्लेइंग इलेवन में फिट कर सकता है। इशान किशन वनडे (ODI) क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला वनडे दोहरा शतक बनाया और वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई सीरीज में, विकेटकीपर-बल्लेबाज ने लगातार तीन अर्धशतक बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता।
इशान के इस शानदार प्रदर्शन को देखने के बाद अब भारतीय टीम मैनेजमेंट इस बात को सोचने पर मजबूर हो गई है कि कैसे उन्हें प्लेइंग XI में फिट किया जाए। हाल ही में एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने कहा कि भारत आगामी एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप में ईशान और रोहित शर्मा से ओपनिंग करा सकता है, जबकि उनके बाद बल्लेबाजी के लिए शुभमन गिल और विराट कोहली आ सकते हैं।
भारत को ओपनिंग जोड़ी के साथ छेड़-छाड़ नहीं करनी चाहिए- सुनील गावस्कर
हालांकि, सुनील गावस्कर शास्त्री की इस राय से सहमत नहीं थे। गावस्कर का मानना है कि रोहित और शुभमन की जोड़ी सेट लगती है और उन्हें इसके साथ छेड़-छाड़ नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय, 74 वर्षीय ने सुझाव दिया कि अगर भारत नई गेंद से कुछ विकेट गंवा देता है या कोई सलामी बल्लेबाजों में से एक जल्दी आउट हो जाता है, तो विराट को नंबर 4 पर भेजा जा सकता है।
इंडिया टुडे के हवाले से गावस्कर ने कहा कि, “किसी भी टीम को फ्लेक्सिबल होना चाहिए, लेकिन मैं टॉप आर्डर को परेशान नहीं करना चाहता। मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा को निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बारे में सोचना चाहिए। हां, आप विशेषकर नंबर 4 पर कोहली को रखने पर विचार कर सकते हैं , अगर आप नई गेंद के साथ कुछ विकेट जल्दी गंवा देते हैं तो।”
वनडे फॉर्मेट में ईशान किशन के आंकड़े हैं शानदार
25 वर्षीय ईशान ने अब तक 17 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने 16 पारियों में 46.27 की औसत और 107.43 की शानदार स्ट्राइक रेट से 694 रन बनाए हैं। इशान अब तक छह अर्धशतक और एक दोहरा शतक जड़ चुके हैं। एशिया कप और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से भारत को वर्ल्ड कप के लिए सही टीम कॉम्बिनेशन ढूढ़ने का मौका मिलेगा, जो 5 अक्टूबर से शुरू होगा।