PAK v AFG: दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान का धमाका, नसीम शाह ने अफगानिस्तान के जबड़े से छीनी जीत
पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 1 विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
अद्यतन - अगस्त 25, 2023 10:56 पूर्वाह्न

हंबनटोटा में कल पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे मैच खेला गया। दोनों टीमों के बीच खेले गए जबरदस्त मुकाबले में पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। पाकिस्तान की इस जीत के हीरो इमाम-उल-हक, शादाब खान और नसीम शाह रहे। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने पाकिस्तान टीम के सामने 301 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा, जिसे मेहमान टीम ने 49.5 ओवर में हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहीदी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहीम जादरान ने अफगानिस्तान को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 227 रनों की रिकॉर्ड तोड़ साझेदारी की। इब्राहीम जादरान 101 गेंदों पर 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो वहीं रहमनुल्लाह गुरबाज ने 151 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।
गुरबाज ने 151 गेंदों पर 151 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके और 3 छक्के जड़े। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा मोहम्मद नबी ने 29 और कप्तान शाहीदी ने 15 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की गेंदबाजी की बात करें तो शाहीन अफरीदी उनके सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 2 विकेट अपने नाम किया।
पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में दर्ज की रोमांचक जीत
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत भी शानदार रही। फखर जमान और इमाम-उल-हक के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई तो दूसरे विकेट के लिए बाबर आजम ने इमाम के साथ 118 रनों की मजबूत साझेदारी निभाई। फखर जमान 30 और बाबर आजम 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
वहीं दूसरे छोर पर खड़े इमाम को देख ऐसा लग रहा था कि वो आज अपना शतक पूरा कर लेंगे लेकिन 91 रनों पर मुजीब उर रहमान ने उन्हें आउट कर मैच में अफगानिस्तान की वापसी करवाई। एक समय 211 रनों के स्कोर पर पाकिस्तान अपने 6 विकेट गंवा चुका था और ऐसा लग रहा था कि, पाकिस्तान ये मैच हार जाएगा लेकिन इफ्तिकार अहमद और शादाब खान के बीच 47 रनों की अहम साझेदारी हुई।
आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी और 2 विकेट हाथ में थे लेकिन गेंदबाज फजलहक फारूकी ने शादाब खान को नॉन स्ट्राइकर एंड पर रन आउट कर मैच को और भी रोमांचक बना दिया। वहीं एक बार फिर नसीम शाह ने एशिया कप 2022 की तरह आखिरी ओवर में 2 चौके लगाकर अपनी टीम को धमाकेदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान इस सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 26 अगस्त को इसी मैदान पर खेला जाएगा।