‘यह पूरी टीम के प्रयास का नतीजा है’ – वनडे रैंकिंग में नंबर एक बनने के बाद बोले बाबर आजम
अफगानिस्तान को वनडे सीरीज में हराने के बाद पाकिस्तान की टीम बनी नंबर एक।
अद्यतन - Aug 27, 2023 6:35 pm

आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग इस वक्त पाकिस्तान नंबर एक टीम है। उन्होंने अफगानिस्तान को तीसरे वनडे में हराकर वनडे रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल किया। वहीं नंबर एक पर पहुंचने के बाद कप्तान बाबर आजम ने पूरी पाकिस्तानी टीम की तारीफ की है। पाकिस्तान अब 2725 अंक और 118 रेटिंग अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया से आगे है।
बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम ने पहले वनडे में अफगानिस्तान पर 142 रनों की आसान जीत दर्ज की। इसके बाद द मेन इन ग्रीन ने दूसरे मैच में अफगानिस्तान को रोमांचक अंदाज में एक विकेट से हरा दिया। इस बीच, तीसरे मैच में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 रनों की जीत दिलाई। इसी क्रम में तीसरे वनडे के बाद पीसीबी से बात करते हुए बाबर आजम ने ICC रैंकिंग में नंबर 1 स्थान को टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा बताया।
PCB से बात करते हुए बाबर आजम ने कहा कि, “जब भी आप नंबर 1 स्थान हासिल करते हैं, तो यह आपको बहुत खुशी देता है। यह पूरी टीम की प्रयास का नतीजा है। हम पहले भी नंबर एक बन चुके हैं, लेकिन दुर्भाग्य से, एक मैच हारने के बाद हमने वह स्थान खो दिया। लेकिन भगवान की कृपा से हम फिर से नंबर एक बन गए हैं। यह हमारी कड़ी मेहनत और प्रदर्शन के कारण है।”
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने से हमें काफी आत्मविश्वास मिलेगा: आजम
बाबर आजम ने अफगानिस्तान को एक मजबूत टीम बताते हुए कहा कि, उनके खिलाफ तीन मैचों की सीरीज कठिन थी। 28 वर्षीय खिलाड़ी के मुताबिक, सीरीज में पाकिस्तान ने जो लय हासिल की है, उससे बहुप्रतीक्षित एशिया कप के लिए उनके प्लेयर्स का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि, “हम उत्साहित हैं और इस सीरीज की जीत से हमें मदद मिलेगी। यह एक आसान सीरीज नहीं थी, भले ही कुछ लोग इसे नहीं माने। अफगानिस्तान एक मजबूत टीम है, उनके स्पिनर (दुनिया में) सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं। इस श्रृंखला में हमने जो गति हासिल की है, उससे हमें काफी आत्मविश्वास मिलेगा। हम एशिया कप को लेकर उत्साहित हैं और मुल्तान का इंतजार कर रहे हैं।”