ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में नहीं मिला बल्लेबाजी करने का मौका तो मैच खत्म होने के बाद नेट्स में बल्ले के साथ जमकर बहाया पसीना
रविचंद्रन अश्विन ने इस मैच में 10 ओवर में 47 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।
अद्यतन - सितम्बर 23, 2023 2:22 अपराह्न

22 सितंबर को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी और तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इस मैच में भारतीय टीम की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बता दें, लगभग 20 महीनों के बाद इस मुकाबले में अनुभवी ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने भी भारतीय वनडे प्लेइंग XI में वापसी की। रविचंद्रन अश्विन ने इस मैच में 10 ओवर में 47 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। उन्होंने मार्नस लाबुशेन को अपना शिकार बनाया जिन्होंने इस मैच में 39 रनों की पारी खेली।
भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने 277 रनों के लक्ष्य को आसानी से अपने नाम कर लिया। रविचंद्रन अश्विन को इस मैच में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। हालांकि जैसे ही पहला वनडे खत्म हो गया रविचंद्रन अश्विन नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए नजर आए। तमाम भारतीय फैंस इस चीज की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं कि अश्विन गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी का भी जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
राहुल द्रविड़ ने भी रविचंद्रन अश्विन को लेकर दिया बड़ा बयान
भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने वनडे टीम में रविचंद्रन अश्विन की जगह को लेकर कहा कि, ‘रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ी के पास काफी अनुभव है और वो नंबर 8 पर बल्लेबाजी से भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह सीरीज अश्विन के लिए कोई ट्रायल नहीं है, यह सिर्फ उनके लिए इस प्रारूप को और अच्छी तरह से जानने के लिए एक मौका है।’
भारतीय टीम की ओर से इस मुकाबले में कप्तान केएल राहुल ने 58 रनों की नाबाद पारी खेली। शुभमन गिल ने 63 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 74 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 71 रनों की पारी खेली जबकि सूर्यकुमार यादव ने 50 रन बनाए। अब इन दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 24 सितंबर को खेला जाएगा। अगर रविचंद्रन अश्विन को दूसरे वनडे मैच में बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है तो वो इसमें अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।