World Cup 2023: IND v AUS मैच से पहले टीम इंडिया की एकजुटता पर सवाल कर रहे हैं हरभजन सिंह! - क्रिकट्रैकर हिंदी

World Cup 2023: IND v AUS मैच से पहले टीम इंडिया की एकजुटता पर सवाल कर रहे हैं हरभजन सिंह!

हरभजन सिंह ने कहा, "सचिन तेंदुलकर भारतीय क्रिकेट के इतिहास में ड्रेसिंग रूम में सबसे सम्मानित क्रिकेटर थे।"

Rohit Sharma Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)

वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आगाज शानदार अंदाज में हो चुका है और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के साथ लाखों फैंस की उम्मीदें भी जुड़ी हुई हैं। चूंकि भारत पहली बार पूरी तरह से वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है, इसलिए भारतीय टीम पर मीडिया और समर्थकों का अतिरिक्त दबाव होगा।

भारत 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है, कई लोग इस विषय पर विचार कर रहे हैं कि क्या टीम दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए खिताब जीतने की कोशिश करेगी, जैसा कि 2011 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने महान सचिन तेंदुलकर के लिए किया था।

जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह से यही सवाल पूछा गया तो उन्होंने काफी दिलचस्प जवाब दिया। हरभजन ने कहा कि भारतीय टीम को झंडे के लिए खेलना चाहिए न कि किसी एक प्लेयर पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

टीम इंडिया को लेकर हरभजन सिंह का बड़ा बयान

इंडिया टुडे के हवाले से हरभजन सिंह ने कहा कि, उन्हें नहीं लगता कि 2023 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम उतनी एकजुट है जितनी 2011 वर्ल्ड कप टीम थी। भज्जी ने कहा कि “दोनों टीमों के बीच एक बड़ा अंतर है। वह टीम (2011 विश्व कप विजेता भारतीय टीम) बहुत अधिक एकजुट थी। वे सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीतना चाहते थे।

उन्हें दूसरों से बहुत सम्मान मिला। मैं इस टीम (2023 वर्ल्ड कप टीम) के बारे में निश्चित नहीं हूं। पता नहीं कौन विराट कोहली के लिए विश्व कप जीतना चाहता है। लेकिन, वे निश्चित रूप से भारत के लिए जीतना चाहते हैं। यह एक बड़ा अंतर है।”

हरभजन ने अपनी बात को आगे समझाते हुए कहा कि पूरी टीम तेंदुलकर का इस हद तक सम्मान करती है कि सभी खिलाड़ी उनके लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं। उन्हें यकीन नहीं है कि मौजूदा टीम में खिलाड़ी कोहली को लेकर इतने एकजुट हैं या नहीं।

उन्होंने कहा कि “2011 टीम के ड्रेसिंग रूम में सचिन तेंदुलकर को जो सम्मान मिला, वह तब से किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं मिला। एमएस धोनी ने भी बहुत सम्मान अर्जित किया, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उसके बाद किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा हुआ होगा।”

यह भी पढ़ें: अपनी वापसी और Transformation को लेकर कुलदीप यादव ने दिया बड़ा बयान

close whatsapp